बदलने लगे कांग्रेस में सियासी समीकरण

By: May 14th, 2018 12:20 am

वीरभद्र सिंह कैंप के कई नेता प्रदेशाध्यक्ष सुक्खू के साथ मिला रहे कदम

शिमला – सत्ता से बाहर होने के बाद अब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीतिक फिजाएं भी बदलनी शुरू हो गई हैं। देर से ही सही पर अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू के साथ वीरभद्र कैंप के नेता दिखने शुरू हो गए हैं। इससे पहले कभी ऐसे मौके नहीं आए। जब कांग्रेस सत्ता में थी और वीरभद्र सिंह मुख्यमंत्री थे तो कभी भी उनके समर्थक संगठन के कार्यक्रमों में नजर नहीं आते थे, लेकिन अब फिजाएं बदल चुकी हैं और एक के बाद एक कई नेता सुक्खू के साथ कदम से कदम मिलाते हुए नजर आ रहे हैं। ये बदलाव बेशक राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की घुड़की के बाद हुआ है, लेकिन कहा जा रहा है कि देर आयद, दुरूस्त आयद। इन दिनों कई वे नेता, जो कि वीरभद्र सिंह के कट्टर समर्थक हैं, वे सुक्खू के साथ हैं। संगठन के कार्यक्रमों में बराबर ये लोग शिरकत कर रहे हैं। इनमें वर्तमान विधायकों के साथ पूर्व विधायक भी शामिल हैं, जो कि अब संगठन के बूते खुद के लिए भविष्य में जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। क्योंकि चुनाव में हार के बाद इनका वर्चस्व भी खत्म हुआ है और इनके सामने दोबारा से सक्रिय राजनीति में बने रहना बेहद मुश्किल हो रहा है। ऐसा इसलिए भी है, क्योंकि कांग्रेस में बड़े स्तर पर धड़ेबाजी है और इन पर आला नेताओं के नाम की मुहर लग चुकी है। बहरहाल, कांग्रेस संगठन के कार्यक्रम जहां कहीं भी हो रहे हैं और खासकर सुक्खू वहां जा रहे हैं तो वीरभद्र कैंप के ये समर्थक वहां पूरे जोश में पहुंच रहे हैं। इससे कार्यकर्ताओं में अच्छा संकेत जा रहा है और कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तैयार होने लगी है। शिमला में पार्टी के मुख्य कार्यालय में जो भी बड़े कार्यक्रम होते हैं, वहां पर अब धड़ेबाजी से दूर सभी नेता पहुंचने लगे हैं। उनकी हाजिरी से सुक्खू को भी  बल मिल रहा है। हाल ही में आनंद शर्मा के साथ यहां न केवल विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री पहुंचे थे, बल्कि उनके स्वागत के लिए रामलाल ठाकुर भी मौजूद थे। उनके साथ कई दूसरे वे नेता, जो कि वीरभद्र समर्थक हैं, वे भी यहां पर थे। इसके अलावा जिलों में जो संगठन के कार्यक्रम हो रहे हैं, वहां भी इनकी बराबर हाजिरी है। ऐसे में साफ है कि कांग्रेस की अंदरूनी राजनीतिक फिजाएं बदलनी शुरू हो गई हैं। हालांकि भविष्य में इसका क्या असर होगा यह तो समय ही बताएगा, लेकिन वर्तमान में एकजुटता का संदेश मिलना शुरू हो गया है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App