एक नजर

By: Jun 29th, 2018 12:00 am

नैरोबी में आग, 15 लोगों की जान गई

नैरोबी — अफ्रीकी देश केन्या की राजधानी नैरोबी के बाजार में गुरुवार को आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हो गए। आपात सेवा के एक अधिकारी सेंट जॉन एंबुलेंस ने कहा कि आग बुधवार देर रात करीब 2ः30 बजे लगी जो कई अपार्टमेंट और इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया। डेढ़ घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया। नैरोबी के क्षेत्रीय समन्वयक कंगछे थुकू के मुताबिक मृतकों की संख्या 15 हो गई है।

इंडोनेशिया में चुनावी हिंसा, तीन की मौत

जकार्ता — इंडोनेशिया के पूर्वी प्रांत पापुआ में चुनावी हिंसा में तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी है। यह हमला कथित अलगाववादियों ने उस समय किया, जब स्थानीय चुनाव में वोट डालने के बाद मतदाता और पुलिस अधिकारी नाव से जा रहे थे। उन्होंने बताया कि तीन अन्य पुलिस अधिकारी लापता हैं।

आपातकाल हटाने पर तुर्की सहमत

इस्तांबुल — तुर्की के राष्ट्रपति तैयप एर्डोगान और उनकी सरकार के गठबंधन सहयोगियों ने देश से आपातकाल हटाने पर सहमति जताई है। सबाह समाचारपत्र ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। समाचारपत्र ने हालांकि अपनी रिपोर्ट में विस्तृत विवरण नहीं दिया है और न ही जानकारी के स्त्रोत का जिक्र किया है। तुर्की में मौजूदा आपातकाल की अवधि जुलाई में समाप्त होने जा रही है।

पाक ने लुधियानवी से हटाया बैन

इस्लामाबाद — पाकिस्तान ने अहल-ए-सुन्नत वल जमात (एएसडब्ल्यूजे) नामक कट्टरपंथी सुन्नी इस्लामिक संगठन के नेता मोहम्मद अहमद लुधियानवी पर प्रतिबंध हटा लिया है। इसके अलावा उसका नाम आतंकवादियों की सूची से भी हटा दिया गया है। पाकिस्तान सरकार ने गुरुवार को एक आदेश जारी कर इस बात की जानकारी दी। लुधियानवी से प्रतिबंध हटने के बाद चुनाव आयोग अब यह विचार करेगा कि उसका संगठन 25 जुलाई को होने वाले आम चुनाव लड़ सकता है अथवा नहीं।

गश्ती अभियान पर भारत-बांग्लादेश

ढाका — भारत और बांग्लादेश नौसेना ने पहली बार छह दिनों का संयुक्त गश्ती अभियान शुरू कर दिया। बांग्लादेश रक्षा मंत्रालय की यहां जारी वक्तव्य के मुताबिक भारत और बांग्लादेश के नौसेना प्रमुखों ने संयुक्त रूप से अपराध विरोधी ‘कोरपैट’ नामक इस अभियान की संयुक्त रूप से शुरुआत की। बांग्लादेश नौसेना के प्रमुख एडमिरल निजामुद्दीन अहमद ने भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लांबा ने चटगांव स्थित नौसेना ठिकाने में आयोजित एक समारोह में इस गश्ती अभियान की शुरुआत की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App