प्रदेश में आज-कल मौसम साफ

By: Jul 7th, 2018 12:03 am

नौ जुलाई से बारिश के आसार, 11 से रफ्तार पकड़ेगा मानसून

शिमला — प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार-रविवार को मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में नौ जुलाई से मौसम करवट लेगा। नौ-दस जुलाई को राज्य में एक-दो जगह गर्जन के साथ बारिश की आशंका जताई जा रही है, जबकि 11 जुलाई से फिर मानसून रफ्तार पकड़ेगा। विभाग ने 11-12 जुलाई को राज्य के अधिकांश स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। समूचे प्रदेश में दिन भर धूप खिली रही। धूप खिलने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में फिर से उछाल आया है। न्यूनतम तापमान में पहले के मुकाबले एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आई है, जबकि अधिकतम तापमान में एक से नौ डिग्री तक का भारी उछाल दर्ज किया गया है। प्रदेश में वीकेंड पर भी मौसम शुष्क बना रहेगा। ऐसे में तापमान में और उछाल आने की आशंका की जा रही है। शुक्रवार को भुंतर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक नौ डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है। सुंदरनगर, ऊना में छह डिग्री, शिमला में तीन, कल्पा, धर्मशाला, सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर में दो, चंबा, डलहौजी और नाहन के अधिकतम तापमान में पहले के मुकाबले एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी आंकी गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है। शिमला में अधिकतम तापमान 26.3, सुंदरनगर में 33.1, भुंतर में 34.7, कल्पा में 24.6, धर्मशाला में 28.8, ऊना में 37, नाहन में 29.2, केलांग में 23.5, सोलन में 29.2, कांगड़ा में 33.2, बिलासपुर 33.9, हमीरपुर में 33.9, चंबा में 32.1 और डलहौजी में 20.7 डिग्री सेल्सियस डिग्री का रिकार्ड किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App