एक साथ थिरके एक हजार लोगों के कदम

By: Aug 17th, 2018 12:05 am

 केलांग —केलांग के पुलिस मैदान में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय जनजातीय उत्सव के दूसरे दिन लाहुल घाटी की 28 पंचायतों के विभिन्न महिला मंडलों की 1200 महिलाओं ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में सामूहिक नाटी डाली। इस नाटी में प्रदेश के कृषि जनजाति विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय विशेष रूप से उपस्थित हुए। भारी संख्या में स्थानीय लोग इस नाटी के गवाह बने क्योंकि लाहुल के इतिहास में सामूहिक नाटी घाटी में पहली बार आयोजित की गई। डा. रामलाल मार्कंडेय ने इस नाटी में शामिल हुए सभी महिला मंडलों को अपनी ऐच्छिक निधि से पांच-पांच हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने इस तरह के आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन को बधाई दी। उल्लेखनीय है कि लाहुल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब एक हजार से अधिक पुरुष व महिलाएं लाहुली वेशभूषा में एक साथ नृत्य करते दिखाई दिए। लाहुली गीतांे पर इस दौरान जहां लोगांे ने जमकर नृत्य किया, वहीं लोगों ने भी इस नृत्य का आनंद उठाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App