सिल्वर जुबली का जश्न मानेरंग पर

By: Aug 12th, 2018 12:02 am

माउंट एवरेस्ट

25 साल पहले फतह कर चुकी आठ भारतीय महिलाएं स्पीति की चोटी पर करेंगी सेलिब्रेशन तीन हिमाचल से

मनाली— 25 वर्ष पूर्व एवरेस्ट फतह कर चुकी भारतीय महिलाओं के आठ सदस्यीय दल ने सिल्वर जुबली मनाने के लिए स्पीति की मानेरंग चोटी को फतह करने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान में मनाली की दीपू शर्मा, डिक्की डोलमा और राधा देवी भाग ले रहीं है। इन महिलाओं ने 1993 में एवरेस्ट को फतह किया था, जिसकी 25वीं वर्षगांठ मनाने के लिए उन्होंने मानेरंग चोटी को मिल कर समूह में फतह करने का निर्णय लिया है। इनमें से कुछ महिलाओं की आयु 40 वर्ष से अधिक है तथा कुछ तो 50 से अधिक आयु की हैं, जो अभियान में भाग ले रहीं हैं। उनके साथ इस अभियान में 10 नौजवान युवतियां भी भाग ले रही हैं तथा इनके साथ 1993 में एवरेस्ट विजेता एवं अटल बिहारी वाजपायी पर्वतारोहण खेल निदेशालय के उपनिदेशक मनाली में रह चुके राजीव शर्मा भी टेक्निकल एडवाइजर के तौर पर भाग ले रहे हैं। दल में कुल 19 सदस्य भाग ले रहे हैं। इस दल को केंद्रीय युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राज्य बर्धन सिंह राठौर द्वारा दिल्ली में सात अगस्त को फ्लैग ऑफ  किया गया है। इस अभियान का नेतृत्व विमला नेगी कर रहीं हैं, जो कि 1993 में एवरेस्ट विजेता रह चुकी है। विमला नेगी ने बताया कि सदस्य अपनी 25वीं वर्षगांठ मना रहा हैं तथा 1993 में भारत नेपाल अभियान में 21 महिलाएं थीं। उस समय उनके साथ विछेंद्री पाल भी थी। राजीव शर्मा 1993 में उनके अभियान का हिस्सा थे वह भी  टेक्निकल एडवाइजर के तौर पर भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान चार सप्ताह तक चलेगा। अभियान में दीपू शर्मा, रीटा जी मारवाह, जी अनिता देवी, चाउला जागीरदार, सविता धापवाल, राधा देवी और डिक्की डोलमा भाग ले रही हैं। इस मौके पर दीपू शर्मा ने कहा कि उन्होंने 25 वर्ष पूर्व अभियान एवरेस्ट को फतह किया था। गुजरात की अनुजा वैद्या ने कहा कि वह अपने आप को भाग्यशाली समझ रही हैं, क्योंकि इस अभियान में हम नौ एवरेस्ट विजेता भाग ले रही हैं तथा हम सभी को अभियान से नई चीजें सीखने को मिलेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App