आखिर क्यों ली अपने ही साथियों की जान!

By: Sep 18th, 2018 12:01 am

मकलोडगंज गोलीकांड पर उठे सवाल, मामले को लेकर सेना प्रशासन भी गंभीर

धर्मशाला – धौलाधार की तलहटी में बसे शांत और ठंडे मकलोडगंज के कैंट में एक फौजी जवान का खून क्यों गरमा गया कि उसे इतना खौफनाक कदम उठाना पड़ा। अपने ही साथियों पर गोलियां चलाकर खुद भी मौत को गले लगा लिया। कैंट में हुई इस वारदात के बाद कई तरह के सवाल भी उठने लगे हैं। जिस तरह से जवान ने इस वारदात को अंजाम दिया है, उससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि पूर्व योजना के तहत ही इस घटना को अंजाम दिया गया है। रात को दो बजे आफिसर मैस में संतरी के ड्यूटी पर तैनात होने के कुछ समय बाद ही अपनी अपनी तथा अपने साथी की राइफल लेकर बैरक में सो रहे अपने साथियों को गोली मारना भी कई तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं। देर रात्रि करीब अढ़ाई बजे हुई इस घटना की सूचना कांगड़ा पुलिस को सुबह चार-साढ़े चार बजे दी गई। पुलिस ने भी पुलिस थाना मकलोडगंज में मामला दर्ज लिया है। पहाड़ी राज्य हिमाचल में सेना के जवान द्वारा अपने ही साथियों पर गोलियां चलाकर उन्हें मौत के घाट उतारने का यह मामला अपने पीछे कई सवाल खड़े कर गया है। यह पहला मामला नहीं है, जब सेना के जवान ने अपने साथियों पर गोलियां चलाई हों। इससे पहले भी देश के विभिन्न राज्यों में सेना के जवानों द्वारा ऐसी घटनाआें को अंजाम दिया जाता रहा है। ऐसी ही एक घटना का जख्म पहले भी धर्मशाला सह चुका है। धर्मशाला के दाड़ी से संबंध रखने वाले मेजर शिखर थापा को भी सेना के जवान ने ही गोली मार कर मौत के आगोश में सुला दिया था। जुलाई, 2017 में जम्मू में तैनात मेजर शिखर थापा ने एक जवान को ड्यूटी के समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से रोका था। इस दौरान मामला हाथापाई पर पहुंच गया और जवान का मोबाइल टूट गया था। इसके बाद नाराज जवान ने मेजर शिखर थापा पर गोली दाग दी थी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी। अब मकलोडगंज के कैंट में सेना के क्षेत्र में ही बैरक के अंदर पंजाब से सबंध रखने वाले सिपाही जसबीर सिंह ने अपनी राइफल से हवलदार हरदीप सिंह तथा नायक हरपाल सिंह को गोली मार दी तथा खुद को भी गोली मार कर आत्महत्या कर ली। सेना में अपने ही साथियों पर इस तरह के हमले करने के मामलों को लेकर सेना प्रशासन भी गंभीर है। हिमाचल में इस तरह की घटना से अब कई सवाल खड़े होने लगे हैं। हालांकि पुलिस की अब तक की जांच में घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा बद्री सिंह ने बताया कि मकलोडगंज थाना में इस सबंध में धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App