बदलेगी कांग्रेस सेवादल कार्यकारिणी

By: Oct 21st, 2018 12:01 am

नया खाका खींचने लगा संगठन, अनुभव के साथ युवा जोश को मिलेगी तरजीह

शिमला – प्रदेश में कांग्रेस सेवादल की कार्यकारिणी में बदलाव को मंजूरी मिलने के साथ यहां संगठन का नया खाका खींचने की कवायद शुरू हो गई है। सेवादल में ढांचागत बदलाव के बाद ओहदेदारी में भी फेरबदल करना है और यह फेरबदल इसी महीने कर दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार संगठन में सभी ओहदेदारों की परफार्मेंस को लेकर उनके रिपोर्ट कार्ड बना लिए गए हैं। किस पदाधिकारी ने संगठन में क्या कुछ काम किया और संगठन द्वारा दिए गए लक्ष्यों को किस हद तक पूरा किया गया, इसकी पूरी जानकारी ली जा रही है। इसके मुताबिक क्रियाशील व अक्रियाशील पदाधिकारियों का ब्यौरा तैयार होगा, जिस पर काम शुरू कर दिया गया है। सेवादल में प्रदेश कार्यकारिणी से लेकर ब्लाक स्तर पर बदलाव किया जाएगा। अच्छा काम करने वाले पदाधिकारियों को दोबारा से ओहदे मिलेंगे, वहीं नए लोगों को भी इसमें जोड़ा जाएगा। सेवादल संगठन में अनुभव के साथ युवा जोश को भी बराबर का मौका दिया जाएगा। हाइकमान द्वारा कुछ कार्यक्रम निर्धारित किए गए थे। किन-किन स्थानों पर ये कार्यक्रम सफलतापूर्वक किए गए और कहां पर कुछ किया ही नहीं गया, इसका ब्यौरा सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा के पास है। इस पर राष्ट्रीय सेवादल अध्यक्ष लालजी देसाई से भी चर्चा की जा चुकी है, लिहाजा अब उसी आधार पर यहां संगठन में फेरबदल होगा। एक बात और तय है कि इस दफा नेताओं की सिफारिश पर किसी को औहदा नहीं दिया जाएगा। ऐसा पहले होता आया है, परंतु अब केवल काम के आधार पर ही कुर्सी मिलेगी। सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इसे पूरी तरह से सुनिश्चित बनाने के लिए कहा है जिस, पर वह खुद भी नजर रखेंगे।

दिल्ली से लौटे पदाधिकारी

पदाधिकारियों की नई सूची पर भी उनके साथ विमर्श होगा। हालांकि उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष को इसके लिए पूरी तरह से मुक्त रखा है, परंतु फिर भी उनके साथ नई सूची में विमर्श के बाद ही इसे जारी किया जाएगा। जल्द ही नई कार्यकारिणी को घोषित करने की कोशिशें चल रही हैं। शनिवार को सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष ने कुछ अन्य पदाधिकारियों के साथ इस पर चर्चा भी की है, जो कि दिल्ली से शिमला लौट आए हैं। सेवादल ने यंग बिग्रेड का भी गठन किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App