44 गांवों में लगेंगे 20 हैंडपंप

By: Nov 11th, 2018 12:05 am

दौलतपुर चौक—भाजपा के विकास कार्य सूर्य भगवान की किरणों के समान होते हैं। धर्म,जाति और पार्टी से ऊपर उठकर विकास कार्य किए जाते हैं। यह बात आईपीएच एवं बागबानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने दौलतपुर चौक के मिडल स्कूल के प्रांगण में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने स्थानीय विधायक राजेश ठाकुर और सांसद अनुराग ठाकुर की मांग पर ब्रिक्स योजना के अंतर्गत 44 गांवों की 167 बस्तियों के लिए 24.05 करोड़ रुपए, पुरानी पेयजल स्कीमों के जीर्णोद्धार के लिए 18 करोड़ और 20 नए हैंडपंप  लगाने के लिए 60 लाख देने की घोषणा की। इससे पहले आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ने अपने भाषण की शुरुआत भगवती मां चिंतपूर्णी के चरणों में नमन से की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को कुबेर की संज्ञा दी तो सांसद अनुराग ठाकुर को कम उम्र में ज्यादा उपलब्धियों वाला सांसद बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में मात्र शिमला जिला के आसपास पांच विधानसभा क्षेत्रों में बागबान फला-फूला। जबकि शेष हिमाचल में कांग्रेस ने बागबानी क्षेत्र को विकसित नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में स्वां तटीकरण के नाम पर राजनीति की गई और ऊना जिला के एक हल्का को छोड़कर गगरेट, चिंतपूर्णी और ऊना सदर से भेदभाव हुआ। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम और सासंद अनुराग ठाकुर के प्रयासों से स्वां तटीकरण पर 175 करोड़ खर्च किया जा रहा है। सांसद अनुराग ठाकुर की मांग पर उन्होंने कहा कि 31 मार्च 2020 तक स्वां तटीकरण का कार्य पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एशियन डिवेलपमेंट बैंक की मदद से बागबानी का 1688 करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट मंजूर हुआ है जिसे निचले हिमाचल में हॉर्टिकल्चर के विकास पर खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गगरेट क्षेत्र को करोड़ों रुपए की सौगात उन्होंने दी है और अब देखना है कि लोस चुनावों में सांसद अनुराग ठाकुर की लीड गगरेट विधानसभा क्षेत्र की होगी या उनकी अपने विधानसभा क्षेत्र धर्मपुर से होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App