बर्फ ने फिर रोका रोहतांग

By: Dec 7th, 2018 12:15 am

केलांग – ताजा बर्फबारी ने एक बार फिर से रोहतांग दर्रे पर  वाहनों की आवाजाही रोक दी है। गुरुवार सुबह ही जारी बर्फबारी ने लाहुल-स्पीति जाने व मनाली आने वाले गाडि़यों के काफिलों का दोनों छोरों पर रोक दिया। मौसम में आए  बदलाव के बाद लाहुल-स्पीति का संपर्क एक बार फिर बाहरी जिलों से कट  गया है। उधर, रोहतांग टनल से भी लोगों की आवाजाही पर बीआरओ ने रोक लगा रखी है। ऐसे में लाहुल-स्पीति में हालात फिर खराब हो गए हैं।  रोहतांग दर्रा समेत जनजातीय क्षेत्र में हल्की बर्फबारी के बाद तापमान शून्य से 10 डिग्री नीचे तक लुढ़क गया है। लाहुल-स्पिति प्रशासन ने विपरीत मौसम को देखते हुए गुरुवार को रोहतांग दर्रा वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है, हालांकि सुबह जल्दी निकले कुछ वाहनों ने दर्रे को आर-पार किया, लेकिन प्रशासन के आदेश के बाद सिस्सू स्थित पुलिस चेकपोस्ट और एनजीटी के गुलाबा बैरियर में वाहनों को रोका गया। रोहतांग दर्रा में गुरुवार शाम तक करीब आधा फुट बर्फ बर्फबारी दर्ज की जा चुकी थी, जबकि कोकसर, सिस्सू और गोंदला में करीब पांच सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। ताजा बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रे को फिलहाल एहतियातन वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है, जिससे लाहुल के कई लोग कुल्लू-मनाली में फंस गए हैं। उपायुक्त अश्वनी कुमार चौधरी ने बताया कि प्रशासन ने  मौसम साफ  होने तक रोहतांग दर्रा वाहनों की आवाजाही के लिए रोक दिया है।

लाहुल को मांगी हवाई सेवा

लाहुल में तापमान सामान्य से छह डिग्री लुढ़क जाने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। प्रचंड ठंड के कारण नदी-नालों का जलस्तर घट गया है।  उधर, लाहुल के लोगों ने प्रशासन व सरकार से जल्द से जल्द लाहुल-स्पीति के लिए हवाई सेवा शुरू करवाने की मांग की है। उधर, मनाली में भी गुरुवार को हल्की बर्फबारी होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App