सिद्धू की पत्नी के बाद मनीष तिवारी की टिकट पर दावेदारी

By: Jan 28th, 2019 12:01 am

चंडीगढ़ -पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए चंडीगढ़ सीट से रविवार को औपचारिक रूप से दावा पेश किया। दो दिन पहले पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए टिकट मांगी थी। चंडीगढ़ संघ कांग्रेस समिति (सीटीसीसी) के अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को लिखे पत्र में मनीष तिवारी ने कहा कि वह चंडीगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। सिद्धू की पत्नी और पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने शुक्रवार को चंडीगढ़ सीट से दावा पेश किया था। वर्तमान में यहां से भाजपा की किरण खेर सांसद हैं। तिवारी ने कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि चंडीगढ़ संघ कांग्रेस समिति ने 2019 के आम चुनाव के लिए चंडीगढ़ लोकसभा सीट से लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों के आवेदन मांगे हैं। पत्र में उन्होंने लिखा कि कृपया सीटीसीसी और प्रदेश चुनाव समिति के स्तर पर उनकी उम्मीदवारी पर विचार करें और इसे एआईसीसी, स्क्रीनिंग समिति, केंद्रीय चुनाव समिति और कांग्रेस अध्यक्ष को उचित विचार के लिए अग्रसारित किया जाए। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता तिवारी लुधियाना से लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App