कुल्लवी टीमका का विमोचन

By: Mar 1st, 2019 12:05 am

कुल्लू—कुल्लवी लोकसंस्कृति के संरक्षण तथा संवर्द्धन के लिए आम जन को आगे आने की आवश्यकता है। कुल्लू के देवसदन में श्रीकृष्णा कला संस्थान के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पधारे पूर्व बागबानी मंत्री एवं अखिल भारतीय पंचायत परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सत्य प्रकाश ठाकुर ने यह शब्द कहे। गुरुवार को देवसदन में संस्थान के बैनर तले आईएस चांदनी द्वारा निर्मित कुल्लवी टिमका भाउआ रुपीये गीत के वीडियो का विमोचन किया गया। विमोचन सत्य प्रकाश ठाकुर के कर कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला भाजपा अध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने की। पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि कुल्लवी संस्कृति को उभारने में शेर कुल्लवी लालचंद प्रार्थी का अहम योगदान रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष भीमसेन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज पाश्चात्य संस्कृति के कारण हमारे पहनावे व गीतों में विकृतियां आ रही है, लेकिन श्रीकृष्णा संस्थान जो प्रयास कर रहा है उसकी मुक्त कंठ से प्रशंसा होनी चाहिए।  इस अवसर पर प्रसिद्ध साहित्यकार एवं संस्कृति के ज्ञाता डा. सूरत ठाकुर ने भी संबोधित किया। मंच का संचालन संस्थान के मीडिया प्रभारी धनेश गौतम ने किया। धन्यवाद भाषण में सेवानिवृत्त जिला भाषा अधिकारी डा. सीताराम ठाकुर ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य कुल्लवी  संस्कृति को बचाना है । उन्होंने कहा कि आईएस चांदनी एक जनूनी लोक कलाकार है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष आईएस चांदनीए जिला भाषा अधिकारी सुनीला ठाकुर, महासचिव खुशहाल सिंह राठौर, उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, सचिव रविंद्र सिंह ठाकुर, कार्यकारी सदस्य हीरा लाल ठाकुर, सदस्य शेर सिंह राणा, मेहर चंद, संजीव कुमार, दामोदर दास नेगी के अतिरिक्त अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App