भारतीय ने स्कॉटलैंड यार्ड में खोला होटल

By: Mar 25th, 2019 12:02 am

लंदन -भारतीय अरबपति यूसुफल्ली कादेर ने स्कॉटलैंड यार्ड की इमारत को आलीशान होटल में बदल दिया है। इसे इसी साल के अंत में खोले जाने की तैयारी है। कादेर ने ‘ग्रेट स्कॉटलैंड यार्ड’ को साल 2015 में 11 करोड़ पाउंड में ले लिया था। लंदन महानगर पुलिस 1890 तक, 60 साल से भी अधिक समय तक इसी इमारत से संचालित होती रही। इसका एक भारतीय अरबपति द्वारा अधिग्रहण हाल के वर्षों में लंदन के संपत्ति बाजार में भारतीय निवेशकों की ओर से किए गए सबसे बड़े अधिग्रहणों में से एक है। चर्चा है कि इस होटल के लिए कमरे में रहने के लिए ग्राहकों को प्रति रात 10 हजार पाउंड तक का शुल्क देना पड़ेगा। इस ऐतिहासिक इमारत का पट्टा दिसंबर 2013 में गेलियार्ड होम्स को बेच दिया गया था। ऐसा रक्षा मंत्रालय के धन जुटाने के लिए परिसंपत्तियों को बेचने के प्रयासों के तहत किया गया था। इसके बाद केरल मूल के कादेर ने 2015 में गेलियार्ड होम्स से इमारत का पट्टा खरीद लिया। इमारत को होटल का रूप देने में 7.5 करोड़ पाउंड की लागत आई है। यह ट्रैफलगर स्क्वायर के करीब है। इसमें 150 से अधिक कमरे हैं। इनमें से कुछ कमरों में पहले अपराधियों को रखा जाता था। इमारत का निर्माण 1829 में हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App