शांता कुमार हटे, कपूर-कश्यप के नाम फाइनल

By: Mar 23rd, 2019 12:07 am

कांगड़ा के साथ-साथ शिमला संसदीय क्षेत्र में भी प्रत्याशी बदला, हमीरपुर-मंडी में पुराने चेहरों पर दांव खेलेगी भाजपा

शिमला –पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार के पीछे हट जाने के बाद भाजपा ने कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर का नाम फाइनल कर दिया है। देर रात तक चली भाजपा केंद्रीय समिति की बैठक में शिमला संसदीय क्षेत्र से पच्छाद के विधायक सुरेश कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। हालांकि इससे पहले कांगड़ा से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और जयराम सरकार में खाद्य मंत्री किशन कपूर के नाम कांगड़ा सीट से चर्चा में आ गए थे, लेकिन अंतिम क्षण में किशन कपूर का नाम फाइनल कर दिया गया है। अब इन नामों पर अंतिम मुहर लगना बाकी है। बता दें कि वूल फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन त्रिलोक कपूर, पूर्व राज्यसभा सांसद कृपाल परमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष इंदु गोस्वामी, कांगड़ा सहकारी बैंक के चेयरमैन राजीव भारद्वाज भी इस लिस्ट में शामिल थे।  भाजपा संसदीय बोर्ड की शुक्रवार देर रात तक उम्मीदवारों की दूसरी सूची को लेकर बैठक हुई। हिमाचल की चार सीटों में से दो प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया गया है। जाहिर है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने शुक्रवार को खुद चुनाव न लड़ने का ऐलान कर दिया था। माना जा रहा है कि पार्टी के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी का टिकट काटे जाने के कारण शांता कुमार ने खुद ही स्थिति को स्पष्ट करना बेहतर समझा। दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी शांता कुमार से गहन चर्चा की। इसके बाद ही शांता कुमार ने चुनाव न लड़ने का ऐलान किया। इसके तुरंत बाद शांता कुमार के उत्तराधिकारी को लेकर केंद्रीय हाईकमान ने पार्टी से संभावित नाम मांगे। इनमें सबसे बड़ा नाम जेपी नड्डा का सामने आया।  तीन बार कैबिनेट मंत्री रह चुके किशन कपूर पांचवीं बार विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। लिहाजा शांता कुमार किशन कपूर को उत्तराधिकारी बनाकर भाजपा गद्दी कार्ड खेलने के मूड में थे। इस सीट पर वूल फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन त्रिलोक कपूर का नाम भी दावेदारों में शामिल था। पिछले एक साल से चंबा से लेकर कांगड़ा तक की पगडंडियां माप रहे त्रिलोक कपूर ने अपनी जमीन पुख्ता करने के लिए जमकर पसीना बहाया है। उधर, संगठन की शुरू से पसंद रहे पूर्व राज्यसभा सांसद कृपाल परमार भी दावेदारों में बने हैं। शांता कुमार के पीछे हटने से एक बार फिर कांगड़ा बैंक के चेयरमैन राजीव भारद्वाज और इंदु गोस्वामी भी चर्चा में आए हैं।

शिमला से भी नया चेहरा उतारने की चर्चा

शिमला संसदीय क्षेत्र से भी नया चेहरा उतारे जाने की जबरदस्त चर्चा है। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि प्रदेश भाजपा ने विधायक सुरेश कश्यप का नाम आगे बढ़ाया है। इस संसदीय सीट से अगर वीरेंद्र कश्यप का टिकट कटता है तो महिला प्रत्याशी के रूप में रोहड़ू की शशिबाला भी संभावित दावेदारों में शामिल हैं।

मंडी-हमीरपुर से मौजूदा सांसदों पर ही दांव

मंडी से रामस्वरूप शर्मा और हमीरपुर से अनुराग ठाकुर की वापसी तय है। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर का नाम लगभग तय हो चुका है। विरोध के बावजूद मंडी से भी रामस्वरूप शर्मा पर सहमति बन रही है। हालांकि चारों संसदीय सीटों पर प्रत्याशियों का फैसला भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में ही होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App