एनएच पर सरकार ने ठगी जनता

By: Jun 21st, 2019 12:01 am

शिमला – प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि वह नए राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। लोकसभा चुनावों के दौरान भी भाजपा नेताओं ने इसे अपनी एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए झूठे आंकड़े पेश किए, जबकि धरातल में कुछ भी नहीं हुआ। प्रदेश उच्च न्यायालय में सरकार के हलफनामे से साफ  है कि 69 राजमार्गों की अभी पूरी तरह डीपीआर भी नहीं बनी है। हैरानी यह भी है कि अब इस के निर्माण के लिए नई नीति बनाने की बात कही जा रही है, जबकि इन की डीपीआर बनाने में ही अब तक 24 करोड़ खर्च कर दिए हैं। प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ उच्च मार्गों की दयनीय स्थिति से यहां आने वाले पर्यटकों के साथ प्रदेश के लोग भी परेशान हैं। खस्ता हालत सड़कों की मरम्मत की ओर प्रदेश सरकार का कोई ध्यान ही नहीं है। धीमी गति से बन रहे शिमला-कालका फोरलेन लोगों की परेशानी का कारण बना है। राठौर ने कहा कि कुछ ही दिनों में बरसात का मौसम शुरू होने वाला है। राठौर ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह बरसात के मौसम से पहले सड़कों की दशा सुधारे और पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्गों के नाम पर बोले गए झूठ के लिए प्रदेश के लोगों से सार्र्वजनिक तौर पर माफी मांगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App