कुल्लू के किक बॉक्सरों ने विरोधियों को चटाई धूल

By: Sep 30th, 2019 12:20 am

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लड़के-लड़कियों के वर्ग की प्रतियोगिता कुल्लू के नाम, अंतरराष्ट्रीय खिलाडि़यों को मिला सम्मान

भुंतर-जिला कुल्लू के बदाह में आयोजित राज्य स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में मेजबान कुल्लू ने अपना दबदबा कायम किया है। जिला के खिलाडि़यों ने महिला एवं पुरुष वर्ग के दोनों ही मुकाबलों में अपना वर्चस्व स्थापित कर प्रतियोगिता को अपने नाम किया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। इस मौके पर बागदेवी शिक्षा निकेतन संस्थान के मुख्य एवं फोरलेन संघर्ष समिति, नागचला-मनाली के अध्यक्ष ब्रिजेश महंत ने विशेष तौर पर भाग लिया। प्रदेश किक-बॉक्सिंग संघ ने उनका स्वागत किया तो कुल्लूवी टोपी, मफ्लर एवं समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता की आयोजन समिति के प्रधान रणबीर ठाकुर व प्रदेश किक बॉक्सिंग संघ के महासचिव हंस राज शर्मा ने बताया कि महिला वर्ग में कुल्लू की टीम को प्रथम स्थान मिला तो दूसरे स्थान पर सोलन तथा तीसरे स्थान पर शिमला की टीम रही। लड़कों के वर्ग में प्रथम स्थान पर कुल्लू ने कब्जा किया तो दूसरा स्थान बिलासपुर व तीसरा स्थान मंडी को मिला। राज्य प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी बच्चों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्वांइट फाइट, फुल कांटेक्ट, किक लाइट, लो किक सहित अन्य श्रेणियों के मुकाबले हुए और खिलाडि़यों ने दम दिखाया। दो दिनों तक चले खेल मुकाबलों के तहत प्रदेश भर के 250 से अधिक खिलाडि़यों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन अवसर पर कुल्लू जिला किक बॉक्सिंग संघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मार्शल आर्ट खेलों में देश का गौरव बढ़ाने वाले नौ खिलाडि़यों पर्व पठानिया, गुलशन, कनिका पराशर, हरि ओम, प्रतीक शिंदे, डा. सुनील विक्टर, विपिन चंदेल, परशुराम अवार्ड विजेता डा. संजय यादव व दिलीप राणा को भी विशेष तौर पर सम्मानित किया। इसके अलावा अतरराष्ट्रीय स्तर के मार्शल आर्ट रैफरी एवं कोच को भी इस दौरान सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट समिति के बच्चों ने मार्शल आर्ट खेलों का एक डेमोस्ट्रेशन भी किया, जिसके जरिए बच्चों ने आत्म सुरक्षा की तकनीकों को प्रदर्शित किया। मुख्यातिथि ने इस दौरान  इस दौरान विजेता बच्चों व टीमों को भी सम्मानित किया। इस मौके पर प्रदेश किक बॉक्सिंग संघ से पदाधिकारी, जिला संघों के पदाधिकारी, रैफरी व कोच सहित खेल संघों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App