धनतेरस से पहले उछला सोना
बीते हफ्ते 530 रुपए महंगा, चांदी में 360 रुपए की तेजी
नई दिल्ली -विदेशों में सोने-चांदी में मामूली बदलाव के बीच स्थानीय बाजार में धनतेरस से पहले सोने-चांदी में तेजी लौट आई है। दिल्ली सर्राफा बाजार में बीते सप्ताह सोना 530 रुपए महंगा होकर 39670 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया, जो डेढ़ सप्ताह के उच्चतम स्तर के काफी करीब है। पिछले साल धनतेरस की तुलना में इस साल धनतेरस में सोना 21.35 फीसदी महंगा हो चुका है। यह पांच नवंबर, 2018 को धनतेरस के दिन 32690 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा था। करीब एक साल में इसकी कीमत 6980 रुपए बढ़ चुकी है। गत सप्ताह चांदी भी 360 रुपए चढ़कर 47000 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। पिछले साल धनतेरस से अब तक इसकी कीमत 7460 रुपए यानी 18.87 फीसदी बढ़ चुकी है। गत वर्ष पांच नवंबर को यह 39540 रुपए प्रति किलोग्राम रही थी। चांदी के सिक्के भी पिछले धनतेरस की तुलना में 21 फीसदी से ज्यादा महंगे हो चुके हैं। लंदन एवं न्यूयॉर्क से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत सप्ताह सोना हाजिर 1.75 डालर की बढ़त में 1490.40 डालर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा 0.10 डालर की मामूली गिरावट में सप्ताहांत पर 1493.40 डालर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर भी 0.01 डालर फिसलकर 17.52 डालर प्रति औंस पर बंद हुई। समीक्षाधीन सप्ताह में स्थानीय बाजार में छह में से पहले चार दिन सोने में बढ़त, शुक्रवार को गिरावट और शनिवार को टिकाव रहा। पूरे सप्ताह के दौरान सोना स्टैंडर्ड 530 रुपए चढ़कर 39670 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही साप्ताहिक तेजी में 39500 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी पूरे सप्ताह 30200 रुपए पर अपरिवर्तित रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App