नवनिर्वाचित विधायक रीना कश्यप और विशाल नेहरिया ने ली विधानसभा की शपथ

By: Nov 4th, 2019 6:17 pm

शिमला –  हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की धर्मशाला से विशाल नेहरिया और सिरमौर की आरक्षित सीट पच्छाद से निर्वाचित रीना कश्यप ने सोमवार को विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने दोनों विधायकों को विधानसभा के परमार पुस्तकालय में सादे समारोह में पद और गोपनियता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, कृषि मंत्री रामलाल मार्कंडा और विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण करने के बाद दोनों विधायक 13वीं विधानसभा के विधिवत् सदस्य बने। सोमवार सुबह 11 बजे दोनों नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई गई। लोकसभा चुनाव में भाजपा विधायक एंव खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर के सांसद बनने से धर्मशाला सीट खाली हुई थी। वहीं पच्छाद से विधायक सुरेश कश्यप के सांसद चुने से आरक्षित सीट पच्छाद भी खाली हुई। जिस कारण दोनों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए और दोनों सीटें भाजपा की झोली में गई। विधिवत् शपथ ग्रहण करने के बाद मुख्य मंत्री जयराम ठाकुर ने दोनों विधायकों को बधाई दी और कहा कि नए विधायक अपने क्षेत्र में विकास कार्य को आगे बढाएंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव लोकसभा की अपेक्षा अधिक चुनौती पूर्ण होता है, क्योंकि स्थानीय मुददों पर चुनाव लड़ा जाता है। उन्होंने दोनों विधायकों की उज्जवल भविष्य की कामना की ज्ञातव्य है कि 68 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 44, कांग्रेस के 21, माकपा का एक और दो निर्दलीय विधायक हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App