कुल्लू की लड़कियों से पंगा पड़ेगा भारी

By: Dec 3rd, 2019 12:20 am

सर्वशिक्षा अभियान के तहत मिलेगी आत्मरक्षा की ट्रेनिंग, कलैहली में बच्चों को बताए कराटे-जूडो के टिप्स

भुंतर-लड़कियों के साथ होते बलात्कार और दूराचार की घटनाओं से निपटने के लिए अब लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए तैयार किया जाएगा। जिला कुल्लू के स्कूल की छात्राओं को शिक्षा विभाग के माध्यम से आत्मरक्षा के टिप्स दिए जाएंगे और सर्व शिक्षा अभियान के तहत जूडो, कराटे, बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग, कुश्ती जैसी मार्शल आर्ट की तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में लड़कियों के अलावा लड़कों को भी तालीम मिलेगी। लिहाजा, लड़कियों को टेढ़ी नजर से देखने वालों की खैर नहीं होगी। सर्व शिक्षा अभियान के तहत आरंभ हुए उक्त प्रशिक्षण के तहत कलैहली में अकादमी ऑफ  मार्शल आर्ट समिति, भुंतर द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें तीन स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। समिति के कोच रणवीर ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनियार, कोट सनोर, व छमाहण के बच्चों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में सर्व शिक्षा अभियान के वोकेशनल प्रशिक्षक बृजेश शर्मा, सतीश शर्मा, सुरेखा शर्मा ने भी बच्चों को अहम जानकारी दी। कोच रणवीर ठाकुर के मागदर्शन में बच्चों को मार्शल आर्ट की तकनीकों का अभ्यास करवाया गया। इस प्रशिक्षण में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी मौजूद रहे। अकादमी के चेयरमैन किशन ठाकुर ने बताया पिछले कई सालों से बच्चों को अकादमी के माध्यम से इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाता रहा है और अब सर्वशिक्षा अभियान के तहत भी बच्चों को आत्मरक्षा के टिप्स दिए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App