HP Election-2022 : किसी के मनाने से नहीं मान रहीं वंदना

By: Oct 21st, 2022 12:05 am

कांग्रेस या आप में जाने की भी चर्चाएं वायरल, रजत ठाकुर आज करेंगे नामांकन

अमन अग्रिहोत्री-मंडी

अपने परिवार में बगावत में घिरे निर्वतमान जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भाजपा ने महेंद्र सिंह की जगह इस बार उनके बेटे रजत ठाकुर को टिकट दिया है, जिससे खफा होकर महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी वंदना गुलेरिया बगावत पर उतर आई हैं और किसी के मानने से नहीं मान रही हैं। बुधवार को भी महेंद्र सिंह ठाकुर, उनकी धर्मपत्नी और रजत ठाकुर ने सबसे पहले सुबह ही वंदना गुलेरिया के घर पर पहुंच कर मानमनोबल की कोशिश की थी, लेकिन वंदना गुलेरिया नहीं मानी थी। वहीं गुरुवार को भी यही स्थिति बनी रही। हालांकि उन्हें कई तरह से मनाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन वंदना गुलेरिया इतनी आहत हो चुकी हैं कि वह किसी की भी सुनने को तैयार नहीं हैं। वहीं वंदना गुलेरिया के आम आदमी पार्टी या फिर कांग्रेस में शामिल होने की भी अटकलें चली हुई हैं।

ऐसा भी कहा जा रहा है कि वंदना गुलेरिया निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतर सकती हैं। शुक्रवार को इस बारे में वंदना गुलेरिया निर्णय लेंगी। गुरुवार को वंदना गुलेरिया ने अपने समर्थकों व महिलाओं के साथ एक बैठक भी रखी हुई थी, लेकिन यह बैठक बाद में नहीं हो सकी है। जबकि दूसरी तरफ उनके भाई रजत ठाकुर ने चुनाव प्रचार प्रसार अभियान शुरू कर दिया है। रजत ठाकुर शुक्रवार को धर्मपुर में अपना नामाकंन पत्र भी भरेंगे। उन्होंने गुरुवार को संधोल से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करते हुए वोट मांगे हैं। बता दें कि बुधवार को टिकटों का ऐलान होते ही वंदना गुलेरिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर कर दी थी। उधर, प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने महेंद्र सिंह ठाकुर से बातचीत कर इस मामले को शांत करने का आग्रह किया है। एचडीएम

…तो दामाद भी लड़ेंगे निर्दलीय

एक तरफ बेटी तो दूसरी तरफ दामाद ने भी जल शक्ति मंत्री की मुश्किलें बढ़ाई हुई हैं। महेंद्र सिंह ठाकुर के दामाद संजीव भंडारी भी चुनाव लडऩे की तैयारी में हैं। वह जोगिंद्रनगर विस से कांग्रेस टिकट के लिए अड़े हुए हैं और पिछले कई दिनों से दिल्ली में ही हैं। उन्हें अगर कांग्रेस टिकट नहीं मिलता है तो वह आजाद उम्मीदवार के रूप में जोगिंद्रनगर विस से मैदान में उतर सकते हैं, फिलहाल टिकट पूर्व विधायक सुरेंद्र ठाकुर की झोली में जाता दिख रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App