विशेष

HP Election 2022 : भाजपा कम में तलाश रही सरकार

By: Dec 5th, 2022 11:40 pm

भाजपा कम में तलाश रही सरकार, कांग्रेस को बहुमत में भी खतरा

प्रदेश में 27 सीटों पर होगा नजदीकी मुकाबला, कई जगह निर्दलीय पलट सकते हैं सियासी पासा

राकेश शर्मा — शिमला

विधानसभा चुनाव का परिणाम आने में दो दिन का वक्त बाकी है। हिमाचल में मुकाबला इस बार बेहद कड़ा रहा है। भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ी और कांग्रेस ने भी डटकर मुकाबला किया है। अब 48 घंटों में तय हो जाएगा कि इस बार किसकी सरकार बनेगी। ऐसे में जो समीकरण बन रहे हैं, उसके आधार की बात करें तो भाजपा 32 सीटों से भी सरकार बनाने का माद्दा रख रही है, जबकि कांग्रेस 40 सीटों से पहले खुद को सहज नहीं मान रही। दरअसल, इस बार 48 में से 18 विधानसभा की सीटें ऐसी हैं, जहां निर्दलीय पासा पलटने की स्थिति में हैं। इसके अलावा कई सीटों पर अन्य दलों के रूप में माकपा और आप के उम्मीदवार 10 हजार से ज्यादा वोट हासिल कर सकते हैं। आप आधा दर्जन से ज्यादा सीटों पर दमदार भूमिका में है, जबकि माकपा तीन सीटों पर टक्कर दे रही है। इन सबको मिलाकर देखें तो प्रदेश में इस समय कुल 27 सीटें ऐसी हैं, जिनमें हार या जीत का फैसला बेहद कम अंतर से होने की संभावना है। अब ऐसे में दोनों राजनीतिक दल की बात करें तो कांग्रेस 35 से 39 तक पहुंचती है, तो यह आंकड़ा सरकार बनाने के लिए उपयुक्त जरूर होगा। हालांकि मुख्यमंत्री का चेहरा तय न कर पाना इस स्थिति में कांग्रेस के लिए बड़ी मुश्किल का कारण बन सकता है।

सीएम की रेस में शामिल कोई भी नेता दो तिहाई विधायकों का समर्थन जुटा लेता है तो वह कांग्रेस की 39 सीटें आने पर पार्टी हाईकमान के सामने अपनी बात रखने की स्थिति में होगा। ऐसे में हाइकमान में बात नहीं बनी, तो कांग्रेस के विधायक दो तिहाई समर्थन के साथ अलग भी हो सकते हैं। यह चिंता फिलहाल पार्टी हाइकमान के अंदर चल रही है और इस पर मंथन भी शुरू हो गया है। भाजपा की अगर बात करें, तो पार्टी ने फिलहाल 40 से अधिक सीटें हासिल करने का दावा जरूर कर रही है, लेकिन अंदरूनी चर्चा पर गौर करें तो भाजपा नेता 33 सीटों से भी सरकार बनाने का दम भर रहे हैं। दरअसल, इस बार भाजपा से बगावत कर बड़ी संख्या नेता निर्दलीय ही मैदान में कूदे हैं। भाजपा अपने विधायकों के साथ ही ऐसी सीटों का भी आकलन कर रही है जहां निर्दलीय दमदार भूमिका में हैं। अगर भाजपा की सीटें 30 से कम रहती हैं, तो कांग्रेस में आने वाली दरार पार्टी को नई संजीवनी दे सकती है। सीएम फेस पर सहमति न बनने के बाद कांग्रेस दोफाड़ हो सकती है, ऐसे में जो विधायक पार्टी से बाहर आएंगे, उन्हें भाजपा समर्थन देकर नई सरकार बना सकती है। हालांकि यह तमाम बातें उन आंकड़ों पर निर्भर करेंगी, जो आठ दिसंबर को परिणाम सामने आने के बाद बाहर आएंगे। दूसरी तरफ कांग्रेस के मामले में स्पष्ट बहुमत के बाद भी मुख्यमंत्री की रेस एक बड़ी उलझन पैदा करने वाली है और हाइकमान इस पर जब तक अंकुश नहीं लगाएगा, स्थिति सामान्य नजर नहीं आएगी। (एचडीएम)

आधा दर्जन सीटों पर आप रोकेगी रास्ता

हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने इस बार 67 सीटों पर विधानसभा का चुनाव लड़ा है। इनमें से करीब छह सीटें ऐसी हैं जिनमें आप के प्रत्याशी बेहतर मत प्रतिशत हासिल करने की स्थिति में हैं। इनमें से सबसे बड़ा नाम फतेहपुर विधानसभा सीट में डॉ. राजन सुशांत का है जो कड़ी टक्कर देते हुए नजर आ रहे हैं। इनके अलावा कसौली विधानसभा क्षेत्र से हरमेल धीमान, धर्मशाला से कुलवंत राणा, कुसुम्पटी से डॉ. राजेश चानना, पावंटा साहिब से मनीष ठाकुर और नालागढ़ से धर्मपाल चौहान इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए जीत या हार के रास्ते में बड़ा रोड़ा हैं।

ठियोग, शिमला शहरी और कुसुम्पटी में माकपा फैक्टर

प्रदेश में माकपा की 11 सीटों में से तीन सीटें सबसे खास रहने वाली हैं। इन पर माकपा का वोट बैंक सीधेतौर पर कांग्रेस को प्रभावित करेगा। माकपा के प्रभाव वाली यह तीनों सीटें शिमला जिला में ही हैं। ठियोग में 2017 में माकपा के विधायक थे। राकेश सिंघा ने यहां 24 हजार 791 मत हासिल कर जीत दर्ज की थी। यह कुल मतदान का 42.73 प्रतिशत था। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को इस सीट पर 1983 मतों से पराजित किया था। माकपा के लिए दूसरी बड़ी उम्मीद कुसुम्पटी विधानसभा से है। यहां बीते विधानसभा चुनाव में माकपा का वोट शेयर 4698 रहा था। माकपा प्रत्याशी कुलदीप तन्वर दूसरे नंबर पर रहे थे। उन्होंने कुल मतों के 11.4 फीसदी हासिल वोट हासिल किए थे। शिमला शहरी विधानसभा माकपा का अपना वोट बैंक है और यहां इस बार टिकेंद्र पंवर मैदान में हैं। यहां माकपा ने 3047 वोट हासिल किए थे। फिलहाल, माकपा प्रभाव वाली इन तीनों सीटों पर मत प्रतिशत बढ़ता है तो इसका सीधा नुकसान कांग्रेस को होता हुआ नजर आ रहा है।

एग्जिट पोल हमारे हक में, सरकार भी हम बनाएंगे

त्रिलोक जमवाल बोले, भाजपा ने हर वर्ग के लिए किया है काम

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि एग्जिट पोल भाजपा के पक्ष में आते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को एग्जिट पोल में 34 से लेकर 40 तक के आंकड़े दिए गए हैं और अगर यह एग्जिट पोल है, तो चुनावी नतीजे सुनिश्चित है कि इससे ज्यादा ही आएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हर वर्ग के लिए काम किया है। हिमाचल प्रदेश में केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने अच्छा काम किया है और जनता ने इस कार्य को समय-समय पर सराहा भी है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से महिलाओं ने मतदान किया है, उससे यह पूरा तरह प्रतीत होता है कि हिमाचल में भाजपा की एक प्रचंड सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की है। कांग्रेस सपने देख ले, पर सरकार तो भाजपा की ही बनेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App