कांटे की टक्कर में उलझीं आठ सीटें

By: Dec 8th, 2022 12:02 am

2017 में भाजपा-कांग्रेस दोनों ने किया था जीत का दावा

विशेष संवाददाता — शिमला

मतगणना में आज नजर उन सीटों पर भी रहेगी, जहां पिछले चुनाव में मुकाबला काफी करीबी रहा था। इन सीटों पर हार या जीत का अंतर महज सैकड़ों में था। 2017 के विधानसभा चुनाव में आठ सीटें ऐसी थीं, जिनमें फैसले के आखिरी घड़ी तक उम्मीदवारों की सांसें फूली रहीं। इन सीटों में किन्नौर विधानसभा में कांग्रेस के जगत सिंह नेगी महज 120 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर पाए थे। वहीं, बड़सर दूसरा ऐसा विधानसभा क्षेत्र था, जहां हार और जीत का अंतर 439 पर फंस गया। यहां कांग्रेस के इंद्रदत्त लखनपाल चुनाव जीतने में कामयाब हुए थे, लेकिन मतगणना से नतीजों तक भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर इस सीट पर देखने को मिली थी।

कसौली विधानसभा क्षेत्र में डा. राजीव सहजल महज 442 मतों से ही अपनी जीत दर्ज कर पाए थे। यहां विनोद सुल्तानपुरी को बेहद करीबी मुकाबले में हराने में वह कामयाब रहे। डलहौजी विधानसभा में फैसला 556 मतों से हुआ था। यहां आशा कुमारी ने कांटे की टक्कर में भाजपा के डीएस ठाकुर को मात दी थी। सोलन में कर्नल धनी राम शांडिल 671, जुब्बल-कोटखाई में नरेंंद्र बरागटा 1062, इंदौरा में रीता देवी 1095, नगरोटा बगवां में अरुण कुमार 1000, तो श्रीनयनादेवी जी में रामलाल ठाकुर 1042 मतों से ही अपनी जीत पक्की कर पाए थे। इस बार भी इन सभी सीटों पर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी दावेदारी जताई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App