कांग्रेस का हर विधायक सीएम कैंडीडेट; सुक्खू बोले, मुख्यमंत्री बनने को एमएलए होना ही योग्यता

By: Dec 5th, 2022 12:08 am

विशेष संवाददाता — शिमला

कांग्रेस प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस में जीत कर आने वाले सभी विधायक मुख्यमंत्री बनने की क्षमता रखते हैं। पार्टी हाइकमान को यह तय करना है कि इस बार प्रदेश की कमान किसे सौंपी जाए। मुख्यमंत्री बनने के लिए सबसे पहली योग्यता विधायक बनने की है। इसके बाद विधायक अपने दल का नेता चुनेंगे और नेता मुख्यमंत्री होगा। सुखविंद्र सिंह सुक्खू रविवार को शिमला में थे और यहां मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने यह खुलासा किया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर भविष्य वक्ता बन गए हैं। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री का चेहरा जाहिर नहीं किया। ऐसे में भाजपा को पता नहीं है कि कांग्रेस में कौन सीएम बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो भी विधायक जीत कर आएंगे, वे सभी सीएम पद के दावेदार होंगे। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव की ओर जा रही है। कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।

तोडफ़ोड़ की परंपरा में कांग्रेस विश्वास नहीं रखती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो सपने पाल रखे हैं, वे पूरे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय भाजपा प्रदेश में दोफाड़ हो सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का प्रदेशाध्यक्ष से मिलना सामान्य परंपरा है। जो लोग विधानसभा का चुनाव लडक़र आए हैं उन्हें अपनी सीट का फीडबैक देना होता है, लेकिन इस मुलाकात को दूसरी नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। सुक्खू ने कहा कि चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस विधायकों को दूसरे राज्य ले जाने की जरूरत नहीं रहेगी। भाजपा के पास इतनी कम सीटें होंगी कि उनके पास हार मानने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App