बढ़ते कर्ज पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार

By: Dec 30th, 2022 12:02 am

भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले, विधानसभा में जवाबदेही से भागती नजर आई सरकार, चर्चा के कई प्रस्ताव किए खारिज

चंडीगढ़, २९ दिसंबर (संजय अरोड़ा)

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर बीजेपी-जेजेपी सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि मौजूदा सरकार ने हरियाणा को चार लाख करोड़ से ज्यादा के कर्ज में डुबो दिया है। इसमें 3,25,000 करोड़ कर्जा और 1,22,000 करोड़ की देनदारियां हैं। स्थिति यह हो गई है कि सरकार कर्मचारियों को सैलरी देने के लिए भी कर्ज ले रही है। इस वजह से कई बार कर्मचारियों को सैलरी मिलने में भी देरी होती है। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में न कोई नई रेलवे लाइन, न मेट्रो लाइन बिछी, न कोई बड़ी यूनिवर्सिटी और न कोई बड़ी परियोजना स्थापित हुई। बावजूद इसके प्रदेश पर लगातार कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। सरकार ने हरियाणा को कर्ज के जाल में फंसा दिया है। हुड्डा गुरुवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में दूसरे चरण की विस्तृत जानकारी मीडिया को दी। हरियाणा में यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत पांच जनवरी से होगी। विधानसभा सत्र पर बोलते हुए हुड्डा ने कहा कि सरकार पूरे सत्र में अपनी जवाबदेही से भागती नजर आई। विपक्ष की तरफ से चर्चा के लिए कई प्रस्ताव दिए गए जिनपर सरकार ने चर्चा तक नहीं होने दी। यहां तक कि किसानों पर आंदोलन के दौरान दर्ज केस जैसे जरूरी मुद्दे को टेबल होने के बावजूद नहीं सुना गया। कांग्रेस ने गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग की, लेकिन सरकार ने इसे भी खारिज कर दिया।

प्रॉपर्टी आईडी में लाखों खामियां

प्रॉपर्टी आईडी सिर्फ और सिर्फ जनता को परेशान करने के लिए लागू की गई व्यवस्था है। इसमें गड़बड़झाले हो रहे हैं। कहीं मकान मालिक को किराएदार तो कहीं किराएदार को मकान मालिक बना दिया गया है। सरकार द्वारा बनाई कुल 42 लाख 70 हजार प्रॉपर्टी आईडी में से 15 लाख से ज्यादा में गड़बड़ी पाई गई हैं। सरकार द्वारा की गलती को दुरुस्त करवाने को जनता सरकारी दफ्तरों में लाइन लगाकर खड़ी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App