खामोश होलीलॉज से मंत्री पद की दौड़, सरकार में विक्रमादित्य सिंह को मिल सकता है अहम किरदार

विशेष संवाददाता—शिमला
दशकों की सियासत का गढ़ होलीलॉज भले ही आज खामोश हो, मगर शांत बिल्कुल नहीं है। राजनीति के अध्याय परिवर्तन में अब भी प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह की दमदार भूमिका है। महज डेढ़ साल बाद कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में जाना है। ऐसे में भले ही होलीलॉज से सीएम या डिप्टी सीएम का अहम पद छिटक गया हो, लेकिन विक्रमादित्य सिंह मंत्री पद की रेस में अब भी शामिल हैं। गौरतलब है कि 2024 में लोकसभा के चुनाव होने हैं। प्रदेश में कांग्रेस के पास इस समय एक ही लोकसभा की सीट है और इस सीट को भी प्रतिभा सिंह ने उपचुनाव में भाजपा से छीना है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के महज दो महीने बाद पार्टी हाईकमान ने प्रतिभा सिंह को चुनाव लडऩे की जिम्मेदारी सौंपी थी। इस चुनाव को कांग्रेस ने वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि के रूप में लड़ा और प्रदेश सहित केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद जीत दर्ज की थी। हालांकि इस बार के चुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस को बड़ी हार का सामना जरूर करना पड़ा।
जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निभाऊंगा
विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने वीरभद्र सिंह के विकास मॉडल को आगे बढ़ाने की बात कही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पद ग्रहण करने पर बधाई दी है। विक्रमादित्य सिंह को उपमुख्यमंत्री बनाने की चर्चा थी, लेकिन शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें शमिल नहीं किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने अभी तक उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी उसे शिद्दत से पूरा करेंगे।