HP Election: हिमाचल में बदला राज; कांग्रेस ने जीती 40 सीटें, बागियों ने बिगाड़ा भाजपा का खेल

By: Dec 9th, 2022 12:08 am

वीरभद्र सिंह के न होने पर भी नहीं बदला रिवाज, कांग्रेस ने जीती 40 सीटें, बागियों ने बिगाड़ा भाजपा का खेल

राजेश मंढोत्रा — शिमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरा और कांग्रेस के दिवंगत दिग्गज वीरभद्र सिंह के न होने के बावजूद हिमाचल में भाजपा बारी-बारी की सत्ता का रिवाज नहीं बदल पाई है। भाजपा गुजरात में बेशक एकतरफा जीत हासिल कर फिर सत्ता में आई हो, लेकिन हिमाचल में अच्छे बहुमत से कांग्रेस की सरकार बन गई है। गुरुवार को सामने आए चुनाव नतीजों में कांग्रेस को 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीटें हासिल हुई हैं। बहुमत का आंकड़ा 35 सीटों का था, जो कांग्रेस ने आराम से पार किया। सत्तारूढ़ दल भाजपा सिर्फ 25 सीटों पर ही सिमट गई और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आठ कैबिनेट मंत्री चुनाव हार गए हैं। चार जिले भाजपा मुक्त हो गए हैं। इनमें सोलन, लाहुल-स्पीति, किन्नौर के अलावा भाजपा का गढ़ रहा हमीरपुर जिला भी शामिल है। राज्य के दो बड़े जिलों कांगड़ा और शिमला ने कांग्रेस का पूरा साथ दिया है। कांगड़ा में कांग्रेस को दस और शिमला में सात सीटें मिल गई हैं। भाजपा का साथ मंडी ने दिया है, जो मुख्यमंत्री का जिला है।

यहां नौ सीटें भाजपा ने जीती हैं, जबकि धर्मपुर में पार्टी को अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा है। यहां महेंद्र सिंह ठाकुर का 33 साल पुराना किला ढह गया है। उनके बेटे रजत ठाकुर कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर से चुनाव हार गए। यह बात अलग है कि प्रेम कुमार धूमल के चुनाव से हटने के बाद हमीरपुर जिला में भाजपा जीरो पर आ गई है। भाजपा का गढ़ रही भोरंज सीट भी इस बार नहीं बची। इस चुनाव में बागियों ने भाजपा का खेल बिगड़ा और करीब 18 सीटों पर चुनाव लडऩे के बाद दस सीटें भाजपा ने बगावत की वजह से हारी तीन निर्दलीय भी चुनाव जीत कर आए हैं। इनमें नालागढ़ से भाजपा के बागी केएल ठाकुर हमीरपुर से आशीष शर्मा और देहरा से होशियार सिंह शामिल हैं। होशियार सिंह ने लगातार दूसरा चुनाव बतौर निर्दलीय जीता है।

चुनाव में कई दिग्गजों को हार का सामना भी करना पड़ा। कांग्रेस की तरफ से नवमी बार विधानसभा में आने के लिए चुनाव लड़ रहे ठाकुर कौल सिंह द्रंग से हार गए। आशा कुमारी डलहौजी सीट पर खुद को नहीं बचा पाई और श्री नैना देवी सीट पर रामलाल ठाकुर भी रणधीर शर्मा के हाथों हार गए। यदि भाजपा की बात करें तो जयराम सरकार के नौ कैबिनेट मंत्री चुनाव में नहीं जीत पाए। मुख्यमंत्री के अलावा सिर्फ दो कैबिनेट मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर और सुखराम चौधरी ही चुनाव जीत पाए। अन्य आठ कैबिनेट मंत्री चुनाव हार गए और महेंद्र सिंह ने अपनी जगह बेटे को लड़ाया वह भी नहीं जीत पाए। नई विधानसभा में 21 चेहरे ने चुनाव जीत कर आए हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा 13 विधायक कांग्रेस में जबकि सात भाजपा में हैं। एक निर्दलीय भी पहली बार आए हैं। (एचडीएम)

राहुल गांधी-खडग़े और प्रियंका ने जताया हिमाचल की जनता आभार

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वढेरा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पार्टी को मिले बहुमत पर प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विधानसभा प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है, उसके अनुरूप उनकी पार्टी की सरकार काम करेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया कि उनकी मेहनत की वजह से ही यह जीत संभव हो पाई है। राहुल गांधी ने ट््वीट किया कि हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है। जनता को किया हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे।

उम्मीदों पर खरा उतरेगी कांग्रेस

मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा है कि कांग्रेस को प्रदेश के सभी लोगों का साथ मिला है। पार्टी अब लोगों की उम्मीदों को पूरा करने में जुटेगी। उन्होंने लगातार पांचवीं बार विधायक बनने पर हरोली के लोगों का धन्यवाद भी किया। अग्रिहोत्री ने कहा कि इस बार कांग्रेस ने जो मुद्दे लोगों के सामने रखे थे, उन्हीं मुद्दों पर कांग्रेस को जीत मिली है। अब ओपीएस समेत अन्य सभी मसलों का निपटारा जल्द होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदों पर खरा उतरेगी।

बुजुर्ग-महिलाओं और युवाओं की जीत

कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पार्टी की जीत पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में बुजुर्ग, युवाओं और महिलाओं का पूरा साथ कांग्रेस को मिला है। कांग्रेस ने जो भी वादे किए थे, उन्हें निभाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को मिली जीत सबकी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App