विशेष

हां! सियासी रसूख से हुआ क्रिप्टो करंसी घपला, ‘दिव्य हिमाचल’ सर्वे में 74 प्रतिशत लोगों ने दिया सीधा जवाब

By: Nov 6th, 2023 12:06 am

नौ फीसदी बोले, हम कुछ कह नहीं सकते

17 परसेंट लोगों ने राजनीतिक प्रभाव से किया इनकार

जीवन ऋषि-पुराना मटौर
हां! हिमाचल में राजनीतिक प्रभाव से क्रिप्टो करंसी घोटाला हुआ है। प्रदेश के 74 प्रतिशत लोग ऐसा मानते हैं। लोगों का कहना है कि हिमाचल में क्रिप्टो करंसी घोटाले के पीछे राजनीतिक प्रभाव रहा है। प्रदेश के अग्रणी मीडिया हाउस ‘दिव्य हिमाचल’ के साप्ताहिक सर्वे में इस बार का सवाल था कि ‘क्या राजनीतिक प्रभाव से हिमाचल में क्रिप्टो करंसी घोटाला हुआ है़’? इस ज्वलंत सवाल पर ‘दिव्य हिमाचल वेबसाइट, फेसबुक पेज आदि पर लोगों ने अपनी राय दी।

कुल 855 लोगों ने इस सवाल पर अपनी राय दी। पोस्ट को कई लोगों ने लाइक दिए, तो कमेंट भी खूब हुए। सप्ताह के अंत में इस सर्वे मेंं 74 प्रतिशत लोगों ने माना कि राजनीतिक प्रभाव के कारण यह फ्रॉड हुआ है। सर्वे में 17 प्रतिशत लोगों की राय थी कि इस घपले के पीछे राजनीतिक प्रभाव नहीं है। वहीं नौ फीसदी लोगों ने इस सवाल पर ‘पता नहीं’ में जवाब दिया। खैर, जनता ने अब अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। लोगों का बड़ा हिस्सा इस पक्ष में है कि इस फ्रॉड के पीछे राजनीतिक प्रभाव है। दूसरी ओर मौजूदा समय में क्रिप्टो करंसी मामले में अब तक तीन पुलिस कर्मियों सहित 18 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। -एचडीएम

दो साल में अमीर बनने का सपना

इस मामले से जुड़े आरोपी लोगों को लुभावने सपने दिखाते थे। वे दो साल में लोगों को अमीर बनने का झांसा देते थे। आरोपियों में पुलिस कर्मी, वनरक्षक आदि कर्मी पाए गए है। कई आरोपियों के कम्प्यूटर की हार्ड डिस्क, बैंक खाता और प्रॉपर्टी से संबंधित अहम दस्तावेज कब्जे में लिए गए।

आप भी दें अपनी बेबाक राय

‘दिव्य हिमाचल’ हर सप्ताह एक ज्वलंत मसले पर जनता से सवाल पूछता है। यह सवाल अखबार, टीवी, वेबसाइट, फेसबुक व इंस्टाग्राम आदि माध्यमों से पूछा जाता है। इसमें आप अपनी राय दे सकते है। इसके लिए आपके पास वेबसाइट, टीवी, फेसबुक पेज या अन्य प्लेटफार्म पर राय दे सकते है। आपकी राय सर्वे को और बेहतर बनाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App