निगम के पच्चीस लोकल रूट प्रभावित

By: Jan 2nd, 2024 12:06 am

हड़ताल के चलते चंबा डिपो को एक लाख के राजस्व का नुकसान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
ट्रक आपरेटरों की राष्ट्रस्तरीय हड़ताल के चलते परिवहन निगम चंबा डिपो के सोमवार को पच्चीस लोकल रूट प्रभावित हुए हैं। इसके चलते मुसाफिरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। परिवहन निगम चंबा डिपो प्रबंधन फिलहाल लांग रूट की बसें ही सामान्य तौर से चला रहा है, जबकि लोकल रूटों पर सोमवार से सुबह-शाम ही बसें भेजी जा रही है। इन लोकल रूटों पर दिन को बसें नहीं भेजी जा रही है। इस व्यवस्था के लागू करने से सोमवार को ही परिवहन निगम के चंबा डिपो को करीब एक लाख रुपए के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार परिवहन निगम के चंबा डिपो में राष्ट्रस्तरीय हड़ताल के चलते डीजल की सप्लाई नहीं पहुंच पाई है। इसके चलते निगम प्रबंधन को निर्धारित रूटों पर बसें चलाने में मुश्किलें पेश आ रही हैं।

सोमवार को परिवहन निगम प्रबंधन ने इस मुश्किल से पार पाने के लिए लोकल रूटों पर दिन को चलने वाली बसें नहीं भेजी। इन रूटों पर केवल सुबह-शाम ही बसें भेजी। हालांकि निगम प्रबंधन लांग रूटों को नियमित तौर से चला रहा है। निगम प्रबंधन की मानें तो अगर एक-दो दिनों में मसला न सुलझा तो लांग व लोकल दोनों रूट पर बस सेवाएं बंद करनी पड़ सकती हैं। उधर, परिवहन निगम चंबा डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि सोमवार को पच्चीस के करीब लोकल रूट सस्पेंड किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लांग रूट पर नियमित तौर से बसें भेजी जा रही हैं। डीजल की कमी के चलते लोकल रूट पर केवल सुबह-शाम बसें भेजने का प्रावधान किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App