कार्रवाई…खैर काटते रंगे हाथ दबोचे वनकाटु

By: Mar 19th, 2024 12:55 am

अंबोटा के जंगल में गार्ड ने धरे, जीप सहित औजार जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार, गगरेट पुलिस कर रही मामले की जांच

स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
वन काटुओं की हिमाकत देखिए। जिस समय आप गहरी नींद में मीठे सपने देख रहे होते हैं ठीक उसी समय वन काटुओं का कुल्हाड़ा बहुमूल्य खैर के पेड़ों पर कहर बरपा रहा है। रविवार देर रात्रि बीट गार्ड अंबोटा के गार्ड ने अंबोटा के जंगल में वन काटुओं को रंगे हाथ खैर के पेड़ काटते पकड़ लिया। इस दौरान कुछ वन काटु भागने में सफल रहे जबकि वन काटुओं द्वारा लाया गया पिकअप ट्राला व उसका चालक व पेड़ काटने के औजार जरूर वन रक्षक के हाथ आए। इसकी शिकायत गगरेट पुलिस थाना में करने पर पुलिस ने रपट दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। गगरेट के जंगल इन दिनों वन काटुओ के निशाने पर हैं। सरकारी भूमि पर लगे खैर के पेड़ों की शिनाख्त कर वन काटु इसे रात के अंदेरे में काट ले जा रहे हैं। रविवार रात्रि अंबोटा बीट के वन रक्षक इलाके में गश्त पर थे तो उन्हें एक स्थान पर वन काटुओं के होने की आशंका हुई। जब वह उस स्थान पर पहुंचे तो वहां खैर का एक पेड़ कट कर जमीन पर गिरा था और उसके पास कुछ लोग बैठे पाए गए।

वन रक्षक को देखकर कुछ वन काटु तो अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे लेकिन उनके साथ आई पिकअप जीप व उसका चालक पकड़ा गया। पेड़ काटने के औजार भी वहीं पड़े मिले। इसकी सूचना तत्काल वन रक्षक ने गगरेट पुलिस को दी। जिस पर गगरेट पुलिस पूछताछ के लिए उसे अपने साथ पुलिस थाना ले गई। सूत्रों के अनुसार रात के अंधेरे का लाभ उठाकर वन काटु सरकारी भूमि पर लगे कई खैर के पेड़ काट ले गए हैं। ऐसे में आशंका है कि कोई स्थानीय व्यक्ति भी वन काटुओं से मिला हो सकता है जो दिन में रैकी कर खैर के पेड़ों को चिंहित करता है। जिस प्रकार पिकअप में गद्दे रखे हुए थे। उससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि गाड़ी में मोच्छे लोड करते समय आवाज न हो इसके लिए इनका प्रयोग किया जा रहा है। डीएसपी डा. वसुधा सूद ने बताया कि इस मामले में रपट दर्ज कर ली है। मामले की गहनता से जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App