प्रदेश सरकार के विरुद्ध भाजपा का षड्यंत्र विफल, पांच साल करेंगे राज

By: Mar 1st, 2024 12:56 am

शिवबाड़ी में गगरेट के विधायक चैतन्य शर्मा की सदस्यता रद्द होने के बाद पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप कुमार व ब्लाक कांग्रेस पदाधिकारियों ने सियासत पर की चर्चा
स्टाफ रिपोर्टर-गगरेट
दल-बदल कानून की जद में आने से छह विधायक अयोग्य करार दिए गए हैं। विधानसभा क्षेत्र गगरेट के विधायक चैतन्य शर्मा के बाद गगरेट में उत्पन्न हुए राजनीतिक संकट को लेकर ब्लॉक कांग्रेस में ऊहापोह की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बिना नेता के जनता की समस्याएं अब लेकर कहां जाएं और किसके समक्ष विभिन्न मुद्दे उठाए जाएं इसे लेकर ब् कांग्रेस में भी विकट स्थिति उत्पन्न हो गई है। गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा तीन बार विधानसभा क्षेत्र गगरेट का प्रतिनिधित्व कर चुके अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप कुमार से मिलने पहुंचे । उनसे वर्तमान राजनीतिक परिदृष्य पर चर्चा करने के साथ उनका मार्गदर्शन भी मांगा। दल-बदल कानून की जद में आने के बाद अब विधानसभा क्षेत्र गगरेट बिना विधायक के हो गया है। ऐसी स्थिति में कांग्रेसी कार्यकर्ता भी दर-बदर हो गए हैं। नया विधायक चुने जाने तक कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को एकजुट रखकर आगे बढऩे की चुनौती ब्लाक कांग्रेस पर है। बिना विधायक के लोगों के जरूरी कार्य कैसे करवाए जाएं और किसके समक्ष उठाया जाएं। इसे लेकर ब्लॉक कांग्रेस भी चिंतित है। ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह कंवर, महासचिव वेद पराशर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अश्विनी ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राणा यशपाल, ठाकुर गुरचरण सिंह व ठाकुर रंजीत सिंह पर आधारित प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को कुलदीप कुमार के निवास स्थान शिवबाड़ी में उनसे वर्तमान राजनीतिक परिदृष्य पर चर्चा की।

कुलदीप कुमार ने भी इस प्रकरण को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के विरुद्ध रचे इस षडय़ंत्र को भाजपा की चाल बताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान जनता ने कांग्रेस के पक्ष में जनमत दिया था। हैरत की बात है कि कांग्रेस की टिकट पर जो विधायक बने वे भाजपा की चाल समझ नहीं सके और उनके ट्रैप में फंस गए। उन्होंने कहा कि बावजूद इसके सरकार पूरी तरह से स्थिर है और अपना पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करेगी। सरकार स्थिर है।

मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह से करेंगे चर्चा
पूर्व मंत्री, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप कुमार ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस की चिंता पर मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह से वह बात करेंगे ताकि नया विधायक चुने जाने तक ब्लॉक कांग्रेस या किसी पदाधिकारी को अधिकृत किया जाए, जो क्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों में जाकर लोगों के आवश्यक काम करवा सकें। प्रवक्ता कुलदीप कुमार ने कहा कि क्षेत्र का विकास प्राथमिकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App