हिमाचल की प्राकृतिक खेती अपनाएंगे पड़ोसी राज्य

By: Mar 23rd, 2024 12:05 am

संभावनाएं तलाशने पहुंचे जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के कृषि वैज्ञानिक

विशेष संवाददाता-शिमला

हिमाचल में प्राकृतिक खेती की पहल को अब पड़ोसी राज्य भी अपनाने जा रहे हैं। किसानों के अलावा कृषि वैज्ञानिकों ने इस क्रम में प्रदेश का रुख किया है। कृषि वैज्ञानिकों ने यहां खेती के तौर तरीकों का अध्ययन कर उन्हें अपने राज्य में लागू करने की संभावनाएं तलाशनी शुरू कर दी हैं। इस संबंध में राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंध संस्थान (मेनेज) हैदराबाद ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया है। राज्य कृषि प्रबंधन और प्रसार प्रशिक्षण संस्थान (समेति) मशोबरा ने कृषि वैज्ञानिकों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कृषि वैज्ञानिकों और कृषि सहित उद्यान विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। समेति की उपप्रधानाचार्य डा. सुनिता ठाकुर ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान देश भर में ख्याति प्राप्त कृषि और बागबानी विशेषज्ञों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इन कृषि विशेषज्ञों को हिमाचल प्रदेश की कृषि और बागबानी के बारे में विस्तार से जानकारी देने के साथ प्राकृतिक खेती के माडल फार्म में भी भ्रमण करवाया गया।

समेति मशोबरा में प्रशिक्षण अधिकारी डा. पुनित डोगरा ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रदेश में अपनाई गई प्राकृतिक खेती के बारे मे विस्तृत जानकारी दी गई तथा इसके बारे में प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों से आए प्रतिभागियों को गांव मलोगरी, पंचायत नालहट्टी, विकास खंड टुटू के किसान हेम राज शर्मा और हरिराम के खेतों का भ्रमण करवाया। इस दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से प्राकृतिक खेती बारे में जानकारी लेने के साथ प्राकृतिक खेती विधि में उनके अनुभवों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App