पंजाब को 13 नए स्कूल ऑफ एमिनेंस; CM मान, दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने किया उद्घाटन

By: Mar 4th, 2024 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

विद्यार्थियों की मानक शिक्षा तक पहुंच यकीनी बनाने के लिए अपनी मुहिम जारी रखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को 13 नए स्कूल ऑफ एमिनेंस राज्य के लोगों को समर्पित किए, जिससे शिक्षा क्रांति में पंजाब में एक और मील का पत्थर हासिल किया। पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इन स्कूलों का निर्माण करके विद्यार्थियों को जीवन में ऊंची मंजिलें हासिल करने के सपनों को उड़ान दे रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बाद अब पंजाब में शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी क्रांति देखने को मिल रही है और यह स्कूल उसी की झलक हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह महत्वपूर्ण मौका है और वह दिन दूर नहीं, जब पंजाब देश का अग्रणी राज्य होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहलकदमी ख़ास करके गरीब और पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों की मानक शिक्षा तक पहुंच यकीनी बनाएगी। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब इन स्कूलों के विद्यार्थी हर क्षेत्र में सफलताएं हासिल करके राज्य का नाम रौशन करेंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस प्रयास से विद्यार्थियों की किस्मत बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और शिक्षा के क्षेत्र में मिसाली तबदीली देखने को मिल रही है, क्योंकि अब प्राइवेट स्कूलों के विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में दाखिला ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्कूल तो सिर्फ शुरुआत है, क्योंकि गरीब विद्यार्थियों की भलाई के लिए ऐसे और स्कूल खोले जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जतायी कि यह स्कूल आधुनिक समय के मंदिर होंगे, जो विद्यार्थियों के जीवन में गुणात्मक तबदीली लाएंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि निजी क्षेत्र में शायद ही कोई ऐसा स्कूल हो, जिसमें खेल मैदान, लॉन टैनिस, स्विमिंग पुल, लैबोरेटरियां और अन्य सहूलतें उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह माडल कमजोर और पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए दिल्ली में शुरू किया गया था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वह उन अभिभावकों के धन्यवादी हैं, जिन्होंने अपने बच्चे प्राइवेट स्कूलों से हटा कर इन स्कूलों में दाखि़ल करवाए हैं।

उन्होंने कहा कि वह राज्य और लोगों की सेवा करने के लिए विभाजनकारी राजनीति की जगह ‘काम की राजनीति’ के सिद्धांत पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब विद्यार्थियों को जीवन में सफल होने के लिए नीट और जेईई का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को राज्य में 165 नए आम आदमी क्लीनिक खोले गए थे और रविवार को यह स्कूल लोगों को समर्पित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय लोगों के लूटे गए पैसे की भरपायी की जा रही है और आम लोगों की भलाई के लिए इसका उचित प्रयोग किया जा रहा है। राज्य की जनहितैषी और विकास अनुकूल नीतियों को आने वाले दिनों में भी जारी रखा जायेगा और औद्योगिक शहर के तौर पर लुधियाना की पुरानी शान बहाल की जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों को भारतीय राजनीति केंद्र में लाने का श्रेय अरविंद केजरीवाल को जाता है, जिन्होंने पार्टियों को लोगों की जरूरत अनुसार अपने एजंडे बदलने के लिए मजबूर किया है।

केंद्र सरकार ने रोके आठ हजार करोड़ के फंड

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने राज्य के करीब आठ हज़ार करोड़ रुपए के फंडों को रोकने के लिए केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इन फंडों का प्रयोग राज्य के विकास के लिए किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास को बढ़ावा देने के लिए पिछले दो सालों में राज्य में बेमिसाल काम किये गए हैं। उन्होंने कहा कि लोक सभा की सभी 13 सीटें आम आदमी पार्टी को जीता कर भगवंत सिंह मान के हाथ मज़बूत किए जाने चाहिएं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इससे पंजाब के मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार की पक्षपाती नीतियों के विरुद्ध लडऩे के लिए नया जोश मिलेगा।

इन जिलों को मिली बड़ी सौगात

दोनों मुख्यमंत्रियों ने लुधियाना, आदमपुर (जालंधर), माल मंडी, माल रोड और जंडियाला गुरू अमृतसर, परसराम नगर और राम नगर बठिंडा, अमलोह फतेहगढ़ साहिब, जलालाबाद पश्चिमी और अरनीवाला, फाजिल्का में शेख सुभान, फगवाड़ा (कपूरथला) फेज 11 एसएएस नगर (मोहाली) और तरनतारन के खडूर साहिब में बने 13 स्कूल लोगों को समर्पित किए। उन्होंने इंदरापुरी में स्कूल की नई बनी इमारत का भी दौरा किया और विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App