अपने काम के दम पर वोट मांगें कांग्रेस नेता

By: Apr 30th, 2024 11:12 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के आज तक के इतिहास की सबसे झूठी सरकार सुखविंदर सिंह सुक्खू की है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार में यदि हिम्मत है, तो अपने कामों के बूते पर जनता से वोट मांगे। कांग्रेस की सरकार ने डेढ़ साल में 25000 करोड़ रुपए का कर्ज हिमाचल प्रदेश की जनता पर चढ़ा दिया और काम के नाम पर कुछ नहीं किया। केंद्र की मोदी सरकार ने भारी भरकम राशियां आपदा राहत के लिए दीं, उनमें सरकार ने बंदर बांट करके जनता के पैसे का दुरुपयोग किया। अब केवल भाजपा को गाली देकर, कांग्रेस के पूर्व विधायकों को गाली देकर, पूर्व मुख्यमंत्री को गाली देकर ही वोट मांगे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की भाषा सडक़ छाप हो गई है, जिसमें वह जनप्रतिनिधियों को काले नाग बोलते हैं, भेड़ें बोलते हैं, मेंढक बोलते हैं और उनके मंत्री उनकी ही भाषा दोहरा रहे हैं।

डा. बिंदल ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2022 के चुनाव के बाद बयान देकर 97 प्रतिशत हिंदू आबादी का अपमान किया और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी का एजेंडा सनातन को समाप्त करना है। कांग्रेस ने तय किया है कि ओबीसी आरक्षण का छह प्रतिशत मुस्लिम को दिया जाए और अल्पसंख्यकों को 15 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इतना ही नहीं, देश के लोगों पर वैल्थ टैक्स के नाम से अमेरिकी पैटर्न पर टैक्स लगाया जाएगा। बिंदल ने कहा कि चले हुए जो संस्थान कांग्रेस सरकार ने बंद किए हैं, उसके लिए पार्टी प्रदेश की जनता से मांफी मांगे।

छाज बोले सो बोले; छलनी भी बोले, जिसमें 100-100 छेद

पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने कांग्रेस नेताओं पर देशी अंदाज में कसा तंज

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन माह से चल रही राजनीतिक अस्थिरता का जिम्मेवार कौन हैं, इसका जवाब जनता को मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और सुपर सीएम संजय अवस्थी दें। पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ने सीपीएस संजय अवस्थी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कांग्रेस की हालत यह है कि दूसरों पर आरोप लगाकर ही अपनी राजनीति चमकाने का कार्य कर रहें हैं, मुख्यमंत्री सुक्खू तो बोल ही रहे हैं, पर उनकी मित्र मंडली, जिनकी लाखों गलतियां हैं, वे भी बोल रहे हैं।

उन पर यह कहावत सटीक बैठती हैं ‘छाज़ तो बोले सो बोले, पर छलनी भी बोले जिसमें 100-100 छेद’। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी तौर पर सीपीएस बनाए गए हैं। 16 माह में 25 हजार करोड़ से ऊपर का कर्ज प्रदेश पर डालने के साथ मुख्यमंत्री ने जो कैबिनेट रैंक की फौज़ खड़ी की है, उसका हिमाचल के विकास के लिए क्या योगदान हैं, यह भी जनता को बताना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App