अनुराग ठाकुर ने निशाने पर लिया विपक्ष का घोषणापत्र, कहा…

By: Apr 26th, 2024 12:06 am

अनुराग ठाकुर ने निशाने पर लिया विपक्ष का घोषणापत्र, हिमाचल पहुंचते ही जोरदार हमला

टीम-गगरेट, जसवां परागपुर, गगल

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के साथ हीं वसूली चालू कर देती है। यह वसूली टैक्स व्यापारियों से लेकर प्रत्येक आम आदमी को देना पड़ता है, लेकिन इस बार मौत के बाद भी कांग्रेस अपनी वसूली जारी रखना चाहती है। यह उसके मेनिफेस्टो से स्पष्ट है। कांग्रेस का कहना है कि आपकी मृत्यु के बाद आपकी संपत्ति आपके संतानों की नहीं बल्कि उनके वोट बैंक की हो जाएगी। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस के राज में न संपत्ति सुरक्षित है, न संतान सुरक्षित है, न हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं और न हीं हमारा सनातन सुरक्षित है।

अनुराग ठाकुर ने यह बातें गुरुवार को अपने हिमाचल प्रवास के दौरान कहीं। अनुराग ठाकुर गुरुवार को सर्वप्रथम जसवां प्रागपुर मंडल के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में शामिल हुए। इसके पश्चात वे ऊना के अंब पहुंचे जहां उन्होंने चिंतपूर्णी मंडल के पन्ना प्रमुखों की बैठक ली। देर शाम अनुराग ठाकुर गगरेट विधानसभा के मुबारिकपुर पहुंचे जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में इमरजेंसी लगाने वाले लोकतंत्र पर ज्ञान न दें तो बेहतर है। 60 वर्षों के राज में देश के कोने-कोने में जबरदस्ती एक परिवार का नाम घुसाने वाली कांग्रेस पार्टी है।

इस बार भी मोदी की झोली में डालेंगे चारों सीटें

गगल । केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है संगठन के बल पर ही भाजपा ने लगातार हमीरपुर क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश की चारों की चारों सीटों 2014 और 2019 में जीती। इस बार के लोकसभा व उपचुनावों को लेकर भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी कमर कस ली है। इस बार भी सभी चारों सीटें जीतकर नरेंद्र मोदी की झोली में डालेंगे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर अपने जिला हमीरपुर और ऊना दौरे के लिए गुरुवार प्रात: दिल्ली से स्पाइस जेट के विमान से गगल हवाई अड्डे पर पहुंचे। इस दौरान गगल हवाई अड्डे पर पत्रकारों से रू-ब-रू हुए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App