सरकार चुनाव प्रचार में व्यस्त ओलों से फसलें हो गईं ध्वस्त

By: Apr 29th, 2024 12:11 am

सिटी रिपोर्टर— शिमला
हिमाचल की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार इन दिनों चुनाव प्रचार में व्यस्त है। दूसरी ओर प्रदेश के किसान बागवान भारी बारिश और ओलों से फसलें तबाह होने से परेशान है। प्रदेश की जनता को राम भरोसे छोड़ा गया है। यह आरोप भाजपा शिमला ग्रामीण मंडल के उपाध्यक्ष भूपराम वर्मा ने यहां जारी बयान लगाया है।

उन्होंने कहा कि बीते शनिवार को करीब दो घंटे तक तेज बारिश और ओलावृष्टि से सेब व अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इनमें सेब, नाशपाती, प्लम, खुमानी के अलावा मटर, फ्रासबीन की फसलें तबाह हो गई हैं। सेब की सैटिंग पर भी मौसम की मार पड़ी है। मौसम की इस बेरुखी से किसानों और बागवानों की कमर तोड़ दी है। वर्मा ने कहा कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम पंचायत धरोगड़ा के संदोआ, सरेहा, गलाह, रेवग, डमोग, नतराड़, ऐशा ममनोल, बयाल व हिमरी पंचायत के बनूना, कडाऊ, रेवग, गढेरी और ठियोग क्षेत्र के कंदरू, दलोगघाटी आदि इसमें शामिल हैं। उन्होंने सीएम सुक्खू से मांग की है कि वे प्रशासन को तुरंत आदेश देकर मौके का जायजा लें। साथ ही बागवानों और किसानों को मुआवजा दिया जाए। इतना ही नहीं किसानों ने बैंकों से जो ऋण लिया है उसे माफ करवाया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App