तीसरे दिन भी बंद रही खड़ामुख-होली सडक़

By: Apr 20th, 2024 12:55 am

दुंदा पुल के पास भू-स्खलन से ऊपरी हिस्से में लटकी चट्टानें बनी बड़ी चुनौती, सडक़ का 80 मीटर हिस्सा मलबे में दफन

अजय शर्मा-भरमौर
खड़ामुख-होली मार्ग पर हुए बड़े भू-स्खलन के तीसरे दिन भी सडक़ पर यातायात बहाल नहीं हो पाया है। करीब 15 मीटर सडक़ के हिस्से से अब मलबा हटाने को शेष रह गया है और विभाग के लिए भू-स्खलन स्थल के ऊपरी हिस्से में लटकी चट्टानें एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। लिहाजा अगर मुख्य सडक़ आगामी दिनों में बहाल हो भी जाती है, तो ऊपरी हिस्सों में गई गहरी दरारें और लटकी चट्टानें कब बरस पड़े कुछ कहा नहीं जा सकता है। इस स्थिति के चलते खड़ामुख-होली मार्ग पर सुचारू रूप से यातायात बहाल होने में ही लंबा समय लग सकता है। बता दें कि मंगलवार की मध्यरात्रि के बाद होली मार्ग पर दुंदा पुल के पास बड़ा भू-स्खलन हुआ था। इसके कारण मार्ग का 80 मीटर हिस्सा चट्टानों और मलबे के नीचे दफन हो गया। जिस पर लोक निर्माण विभाग ने यहां कार्यरत हाईड्रो प्रोजेक्ट का निर्माण कर रही कंपनी की मदद से सडक़ को यातायात के लिए बहाल करने का काम चला रखा है। लेकिन ऊपरी हिस्से से रूक-रूक कर मलबा और पत्थर आ रहे है और कार्य को यहां पर सुरक्षा के लिहाज से बीच-बीच में रोकना भी पड़ रहा है।

भू-स्खलन स्थल पर सबसे बड़ी चुनौती ऊपरी हिस्से में लटकी चट्टानें है। होली मार्ग के ठीक ऊपर कुठेड़ हाईड्रो प्रोजेक्ट की एडिट छह के लिए रोड बनाया गया था, वह भी भू-स्खलन की जद में आकर जमींदोज हो गया है और इस हिस्से में बड़ी और गहरी दरारें बन आई हुई है। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि सडक़ को यातायात के लिए बहाल करने का युद्धस्तर पर काम चला रखा है, लेकिन ऊपरी हिस्से से पत्थर और मलबा भी गिर रहा है। नतीजतन मशीनरी के साथ-साथ आपरेटर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए काम बीच में रोकना भी पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की इस बात को मान रहा है कि अगर शनिवार को सडक़ बहाल भी हो जाती है, तो उसके बाद यातायात सुचारू होना मुश्किल है। इसके पीछे की बजह उपरी हिस्से में लटकी चट्टानें और फंसा मलबा है और यह कभी भी नीचे आ सकता है। लोक निर्माण विभाग के गरोला स्थित कनिष्ठ अभियंता ई. अजय कुमार का कहना है कि मार्ग को बहाल करने का काम युद्वस्तर पर चला रखा है। विभाग प्रयास कर रहा है कि जल्द इसे खोला जाए। -एचडीएम

यात्रियों को करना पड़ रहा लंबा पैदल सफर
दुंदा पुल के पास सडक़ बंद होने के चलते यात्रियों को आने-जाने के लिए लंबा पैदल सफर तय करना पड़ रहा है। यात्री सुहागा गांव से होकर भू-स्खलन वाले हिस्से को आर-पार कर रहे है। खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गो को यहां पर काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। हालांकि भरमौर से ग्रीमा और फिर सियंूर पुल होकर हलके वाहन होली के लिए आ जा रहे है, लेकिन सुचारू रूप से वाहन सेवा यहां पर यात्रियों को नहीं मिल पा रही है। टैक्सी लेकर इस मार्ग पर सफर करने पर किराए के लिए बड़ी राशि यात्रियों को खर्च करनी पड़ रही हैं। ऐसे में अधिकतर यात्री भू-स्खलन वाले स्थान के ऊपरी हिस्से से होकर पैदल आर-पार हो रहे है। यात्रियों ने बताया कि भू-स्खलन के कारण उपरी हिस्से में भी बड़ी-बड़ी दरारें आई है और वह रास्ता भी पैदल सुरक्षित नहीं है। लेकिन मजबूरी में उन्हें इस पर सफर करना पड़ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App