विशेष

रामपुर में आगे थे मोदी, सराज में प्रतिभा सिंह

By: Apr 18th, 2024 12:07 am

मंडी सीट पर हैरतअंगेज रहा है पिछले चार चुनाव का वोटिंग ट्रेंड, उपचुनाव में वोट देने ही नहीं आए 1.90 लाख मतदाता

राजेश मंढोत्रा-शिमला

मंडी संसदीय सीट जहां एक और अभिनेत्री कंगना रणौत को प्रत्याशी बनाए जाने के कारण चर्चा में है, वहीं कांग्रेस की ओर से लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को मैदान में उतारने से मुकाबला कड़ा हुआ है। इसलिए इस सीट पर अब वोटिंग बिहेवियर की भी परख होगी। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि पिछले चार चुनाव से मंडी सीट पर वोटिंग ट्रेंड काफी उथल-पुथल भरा रहा है।

कांग्रेस का गढ़ रहे रामपुर से 2019 में रामस्वरूप शर्मा के बहाने मोदी को लीड मिली, तो 2014 में जयराम ठाकुर के सराज ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को लीड दी थी। वर्तमान परिस्थितियां ये हैं कि मंडी जिला में नौ विधायक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के पास हैं, तो दूसरी तरफ विक्रमादित्य सिंह के मैदान में उतरने से वीरभद्र सिंह की विरासत के वोट पर दावा है। विक्रमादित्य सिंह के पास इस सीट पर पिछला उपचुनाव लडऩे का अनुभव है, जो प्रतिभा सिंह ने जीता था। युवाओं के लिए भी वह वोट कैचर साबित हो सकते हैं। एचडीएम

मोदी लहर का असर

2019 के चुनाव में मोदी लहर का असर इतना था कि कांग्रेस का गढ़ रहे रामपुर से भी भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा को 11,550 वोट की लीड मिल गई। जोगिंदरनगर ने 36,292 वोट की लीड दी, जबकि सराज ने 37,147 वोट देकर मुकाबला ही एक तरफ कर दिया। इस चुनाव को अनिल शर्मा के बेटे आश्रय शर्मा ने लड़ा था। यानी रामपुर से कोई प्रत्याशी नहीं था।

पांच विधानसभा क्षेत्रों में मिली थी लीड

2014 के संसदीय चुनाव में प्रतिभा सिंह को सिर्फ पांच विधानसभा क्षेत्र में लीड मिली थी। इसमें रामपुर, किन्नौर, भरमौर, लाहुल स्पीति और सराज शामिल हैं। सराज से हालांकि 1491 वोट ही ज्यादा मिले थे। रामस्वरूप शर्मा पहला चुनाव लड़ रहे थे और 12 विधानसभा में लीड मिलने के कारण वह चुनाव जीत गए थे। इस चुनाव में रामपुर से प्रतिभा सिंह को 10,136 वोट की लीड थी, जबकि जोगिंदरनगर ने रामस्वरूप शर्मा को 19,911 वोट की लीड दे दी थी।

जयराम ठाकुर को मिली हार

2021 में मंडी संसदीय सीट पर उपचुनाव हुआ, क्योंकि सांसद रामस्वरूप शर्मा का निधन हो गया था। भाजपा ने कारगिल हीरो ब्रिगेडियर खुशहाल चंद ठाकुर को प्रत्याशी बनाया, जबकि कांग्रेस ने प्रतिभा सिंह को टिकट दिया। जयराम ठाकुर की सरकार राज्य में होते हुए प्रतिभा सिंह यह चुनाव जीत गई। आठ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को लीड मिली, जबकि नौ विधानसभा क्षेत्र में प्रतिभा सिंह आगे रही। इस चुनाव में रामपुर में प्रतिभा सिंह को 19,955 वोट की लीड दी, जबकि सराज ने भाजपा को 21,559 वोट ज्यादा दिए। इस चुनाव के दो मुख्य पहलू थे। 2019 में 943148 मतदाताओं ने यहां वोट दिया था, जबकि 2021 के उपचुनाव में सिर्फ 753560 लोग ही वोट देने आए।

यानी उपचुनाव में 1.90 लाख मतदाता आए ही नहीं। दूसरा पहलू यह था कि प्रतिभा सिंह की जीत के बावजूद नाचन को छोडक़र मंडी जिला के आठ विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी आगे थी। इसके बाद 2022 में विधानसभा चुनाव हुए और धर्मपुर को छोडक़र शेष सभी नौ सीटें मंडी जिला में भाजपा जीती। सराज में मुख्यमंत्री रहते चुनाव लड़े जयराम ठाकुर को 53,562 वोट मिले और उनकी लीड 38183 वोट की थी। यह हिमाचल में एक नया रिकॉर्ड है, लेकिन लोकसभा चुनाव में अब इस लीड की भी परख होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App