जीत के लिए पोलिंग बूथ पर डट जाएं कार्यकर्ता

By: Apr 8th, 2024 12:15 am

जवाली ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में बोले मंत्री चंद्र कुमार, न्याय पत्र को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान

नगर संवाददाता-जवाली
जवाली ब्लॉक कांग्रेस द्वारा लब पैलेस में आगामी लोकसभा चुनावों के तैयारियों को लेकर कांगड़ा-चंबा के प्रभारी एवं कृषि मंत्री चंद कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जवाली विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों से कांग्रेस के बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए कांगड़ा-चंबा लोकसभा के प्रभारी चंद्र कुमार ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वह कांग्रेस की जीत के लिए अपने अपने पोलिंग बूथ पर डट जाएं और कांग्रेस की नीतियों व घोषणा पत्र जिसको न्याय पत्र का नाम दिया गया है उसको घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा तैयार मेनिफेस्टो सभी वर्गों के उत्थान को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

इसमें प्रत्येक महिला को महालक्ष्मी योजना के तहत प्रतिवर्ष एक लाख की सहायता राशि, बेरोजगारों के लिए 36 लाख नौकरियां सहित कई अन्य गारंटियों का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में युवा, महिलाएं, मजदूर और किसान पर विशेष फोकस किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के मोदी सरकार जांच एजेंसियों ईडी, सीबीआई का कांग्रेसी नेताओं को प्रताडि़त करने के लिए उपयोग कर रही है। केंद्र सरकार विपक्ष के मजबूती से घबराई हुई है विपक्ष को कमजोर करने की नीयत से विपक्ष के नेताओं को ईडी एवं सीबीआई द्वारा झूठे केस में फंसा कर जेल भेजा जा रहा है। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, मंडल महासचिव सुरेंद्र छिंदा, ब्लॉक मंडल प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, एडवोकेट अमित चौधरी, बशीर मोहम्मद, शिवदेव सिंह, रघुवीर सिंह भाटिया, मनमोहन सिंह मनु, अश्विनी चौधरी सहित विभिन्न पंचायत से आए पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App