कुसुम्पटी को मिली 28.37 करोड़ की पार्किंग
मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, 315 वाहनों की क्षमता वाली सुविधा से पार्किंग और ट्रैफिक समस्या होगी कम
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में बढ़ती यातायात और पार्किंग समस्या के समाधान की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कुसुम्पटी स्थित एसडीए कॉम्प्लेक्स में 28.37 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित बहुमंजिला पार्किंग का लोकार्पण किया। इस आधुनिक पार्किंग परिसर में 315 वाहनों के खड़े करने की व्यवस्था है, जिससे स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिमला जैसे पर्यटन और प्रशासनिक महत्व वाले शहर में पार्किंग की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नई पार्किंग सुविधाओं का निर्माण समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुसुम्पटी में निर्मित यह पार्किंग शहर के यातायात प्रबंधन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, महापौर सुरेन्द्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, नगर निगम के पार्षद, लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव हरबंस सिंह ब्रसकॉन आदि गणमान्य उपस्थित रहे।
246 करोड़ रुपए से विकसित की जा रही डक्ट प्रणाली
मुख्यमंत्री ने शिमला के समग्र विकास से जुड़ी अन्य परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 246 करोड़ रुपए की लागत से भूमिगत यूटिलिटी डक्ट प्रणाली विकसित की जा रही है। इसके तहत बिजली, दूरसंचार और अन्य सेवाओं से जुड़े केबलों को भूमिगत किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता बढऩे के साथ तकनीकी समस्याओं में भी कमी आएगी। उन्होंने बताया कि सर्कुलर रोड के सुधार और चौड़ीकरण पर 150 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके पूरा होने पर यातायात दबाव कम होगा और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
