सिया गुलेरिया के लिए न्याय की मांग तेज, राज्यपाल से मिला परिवार
निजी संवाददाता- सरकाघाट
सरकाघाट के नैन गांव में चर्चित सिया गुलेरिया हत्याकांड को लेकर पीडि़त परिवार ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात कर मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी न्याय की मांग उठाई। इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अतुल ठाकुर भी परिवार के साथ मौजूद रहे और उन्होंने परिवार की चिंताओं एवं मांगों को राज्यपाल के समक्ष विस्तार से रखा। परिवार ने राज्यपाल को बताया कि घटना को काफी समय बीत जाने के बावजूद मामले में अपेक्षित प्रगति दिखाई नहीं दे रही है, जिससे परिवार चिंतित और निराश है। उन्होंने मामले की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई सुनिश्चित करने तथा पूर्व में घोषित आर्थिक सहायता को शीघ्र प्रदान करने की मांग की।
साथ ही मामले के संचालन में कथित लापरवाही से जुड़े पहलुओं की भी निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया गया। राज्यपाल ने परिवार की बात को गंभीरता से सुनते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि मामले को उचित स्तर पर उठाकर न्याय प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।अतुल ठाकुर ने कहा कि यह केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था और जनविश्वास से जुड़ा विषय है। परिवार ने उम्मीद जताई कि इस मुलाकात के बाद जांच और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा उन्हें न्याय मिलेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
