किन्नौर जिला परिषद की हॉट सीट पर भाजपा का कब्जा
हकीम नेगी बने अध्यक्ष-धनमाला नेगी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी, नौ सीटें जीतकर भाजपा ने कायम रखा दबदबा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
किन्नौर जिला परिषद की हॉट सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत दर्ज की है। जिला परिषद के शीर्ष पदों के लिए आम सहमति बनने के बाद नए पदाधिकारियों की आज घोषणा की गई। कल्पा वार्ड से निर्वाचित सदस्य हकीम नेगी को सर्वसम्मति से जिला परिषद किन्नौर का अध्यक्ष चुना गया जबकि रिब्बा वार्ड से निर्वाचित सदस्य धनमाला नेगी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। नव निर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को उपायुक्त किन्नौर डाक्टर अमित कुमार शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न किनौर जिला परिषद चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 में से 9 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को केवल एक सीट पर सफलता मिली। जिला परिषद में भाजपा की इस बड़ी जीत को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।
बाजार में निकाली विजय रैली
वहीं अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचन के बाद जिला किन्नौर भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने रिकांगपिओ बाजार में विजय रैली निकाली और नवनियुक्त पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष हाकिम नेगी ने कहा कि किन्नौर में जो हमारी यह जीत हुई है वह भाजपा की तथा भाजपा पार्टी के विचारों की जीत है तथा किन्नौर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास किया है और जो सफर जनता के विश्वास से शुरू होता है वह मंजिल तक जरूर पहुंचता है । वहीं नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने जिला परिषद के माध्यम से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा जिले के समग्र विकास के लिए सभी सदस्यों के सहयोग से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
