पांच परीक्षा केंद्रों में आज 1352 अभ्यर्थी देंगे नीट परीक्षा

By: Jun 21st, 2026 12:03 am

उपायुक्त ने नीट परीक्षा की तैयारियों का लिया जायजा, जिला भर में पांच केंद्रों पर अभ्यर्थी डेढ़ बजे से पहले पहुंचें

कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
रविवार को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन बिलासपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा के लिए की गई सभी तैयारियों की संबंधित विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई। जिला बिलासपुर में बिलासपुर मुख्यालय में तीन तथा घुमारवीं में दो परीक्षा केंद्र स्थापित किये गए हैं, जिनमें 1352 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित बनाने के लिए अपने.अपने स्तर पर सभी आवश्यक प्रबंध समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिये।

उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए परिवहन सेवाओं की सुगमता, पेयजल आपूर्ति, इंटरनेट सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं के तहत एंबुलेंस एवं अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सभी सुविधाएं समयबद्ध सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित बनाने तथा परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र में एक डयूटी मजिस्ट्रेट तथा एक पुलिस टीम लीडर की भी तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में अनधिकृत प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। राहुल कुमार ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय 1:30 बजे से पूर्व परीक्षा केंद्रों में पहुंचने का आह्वान किया, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी परीक्षार्थी अपने साथ नया एडमिट कार्ड, वास्तविक पहचान पत्र तथा दो फोटोग्राफ साथ लाना सुनिश्चित बनाएं। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम डॉ. राजदीप सिंह, गौरव चौधरी, सहायक आयुक्त राज कुमार, प्रधानाचार्य रिंकु कुमारी सहित अधिकारी मौजूद रहे।

एचआरटीसी बसों में मुफ्त सफर करें अभ्यर्थी
नीट परीक्षा के लिए प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपमंडल मजिस्ट्रेट सदर डॉ. राजदीप सिंह ने धारा 163 बीएनएसएस के अंतर्गत आदेश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों के लिए एचआरटीसी की बसों में मुफ्त बस सेवा मुहैया होगी। इन परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के सामाजिक,एवं राजनीतिक कार्यक्रम, जुलूस, रैली, नारेबाजी तथा हड़तालों पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध सुबह 08 बजे से सायं छह बजे तक रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App