रोज 30 हजार वाहन पहुंच रहे शिमला, 259 जवान तैनात
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचने के साथ राजधानी शिमला में वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 30 हजार वाहन शहर में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक दबाव बढ़ गया है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन के 259 जवान शहर को जाम से राहत दिलाने के लिए लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं। शनिवार को वीकेंड होने के बावजूद शहर में स्थिति अपेक्षाकृत सामान्य रही और लोगों को बड़े ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ा। हालांकि कुछ स्थानों पर वाहनों की धीमी रफ्तार देखने को मिली। सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के समीप कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी, जिसका मुख्य कारण पार्किंग की एंट्री और एग्जिट व्यवस्था में आने वाली दिक्कतें रहीं।
पुलिस प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार की है। शोघी में तैनात पुलिस कर्मी शहर में प्रवेश करने वाले पर्यटकों को ट्रैफिक की मौजूदा स्थिति, वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों की जानकारी दे रहे हैं। इससे पर्यटक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बचते हुए अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच पा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार अधिकांश पर्यटक मॉल रोड और उसके आसपास पार्किंग तलाशने का प्रयास करते हैं, जिसके कारण शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव बढ़ जाता है। बाहरी राज्यों से आने वाले हजारों वाहनों के अलावा स्थानीय वाहनों की संख्या भी काफी अधिक है, जिससे सडक़ नेटवर्क पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।
शनिवार को शहर में पहुंचे 28 हजार वाहन
वीकेंड पर शनिवार को लगभग 28 हजार वाहन शिमला पहुंचे। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का जाम देखने को मिला, लेकिन यह सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा। दोपहर के समय लिफ्ट से होटल हॉलिडे होम की ओर जाने वाले मार्ग पर पार्किंग की एंट्री-एग्जिट के कारण कुछ देर ट्रैफिक प्रभावित रहा। डीएसपी ट्रैफिक चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस जवान शोघी से ही पर्यटकों को आसान ट्रैफिक प्लान की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही उन्हें उपयुक्त मार्ग और पार्किंग स्थलों के बारे में भी बताया जा रहा है, ताकि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
