पोलियो के खिलाफ बड़ी लड़ाई…28 को पिलाई जाएगी दवाई
जिला सोलन में 443 बूथ और 10 मोबाइल वैन होंगी तैनात; छूटे बच्चों को घर-घर जाकर दी जाएगी खुराक, एचपीवी टीकाकरण पर भी जोर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि 28 जून को जिला सोलन में आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष आयुवर्ग के लगभग 83 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वह शनिवार को जिला स्तरीय परामर्श, अनुवर्ती एवं जिला प्रतिरक्षण कार्य बल (पल्स पोलियो, ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण और एचआईवी) संबंधी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उपायुक्त ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिला में 443 पोलियो बूथ और 10 मोबाइल वैन स्थापित की जाएंगी। इन माध्यमों से सभी पात्र बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो बच्चे 28 जून को खुराक लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, बैरियरों तथा शूलिनी मेला स्थल पर भी विशेष पोलियो बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ अभियान चलाने को कहा। बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 5 हजार किशोरियों को एचपीवी टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों का यह नि:शुल्क टीकाकरण करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी है तथा यह पूरी तरह सुरक्षित है। यह टीकाकरण प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लगाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एचआईवी एवं एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला चिकित्सा अधिकारी डा. अमित रंजन तलवार ने एचआईवी एवं एड्स अधिनियम की विस्तृत जानकारी दी। वहीं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गगनदीप ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से पल्स पोलियो एवं एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति और तैयारियों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर बीएमओ अर्की डा. मुक्ता रस्तोगी, खंड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डा. परविंदर सिंह, जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
