हर दिन योग करने का संकल्प
हिमालयन पब्लिक स्कूल में दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
नगरोटा बगवां। हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा बगवां में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालय में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर को योग दिवस से संबंधित आकर्षक पोस्टरों, नारों एवं संदेशों से सजाया गया था, जिससे वातावरण स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मकता से भर उठा। प्रशिक्षित योगाचार्यों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन, पद्मासन तथा अन्य महत्त्वपूर्ण योगासनों का अभ्यास किया। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल और स्क्रीन पर अधिक समय बिताने के बजाय प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग एवं ध्यान करने का आग्रह किया।
अवर ऑन इंग्लिश स्कूल शाहपुर में मनाया योग दिवस
शाहपुर। अवर ऑन इंग्लिश स्कूल शाहपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह एवं धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने बढ़-चढक़र भाग लिया तथा योग के महत्व को समझा। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न योग क्रियाओं, प्राणायाम एवं योगासनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा बताया कि योग स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और शारीरिक सुदृढ़ता का आधार है। विद्यार्थियों को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय की उपप्रधानाचार्या रविंदा कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को पूरे विश्व में मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की आठवीं कक्षा के छात्र तरुणदीप ने विभिन्न योगासनों एवं योग क्रियाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया तथा उपस्थित विद्यार्थियों को योगाभ्यास भी करवाया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित रूप से योग का अभ्यास करवाया जाता है। कार्यक्रम का समापन सभी छात्रों को नियमित योग करने के संकल्प के साथ हुआ।
ज्ञान ज्योति राजोल में छात्रों को दिया योग का प्रशिक्षण
कांगड़ा। ज्ञान ज्योति शिक्षा महाविद्यालय राजोल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस प्रत्येक वर्ष 21 जून को मनाया जाता है। इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु बढ़ाने के लिए योग रही। इस अवसर पर ज्ञान ज्योति शिक्षा महाविद्यालय राजोल में भारत स्वाभिमान पतंजलि योग समिति एवं पतंजलि किसान सेवा समिति से पधारे योगाचार्य प्रीतम ने विद्यार्थियों को योग का प्रशिक्षण दिया। योग सत्र के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के योगासन करवाए गए । योगाचार्य प्रीतम ने विद्यार्थियों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से योग करने से शरीर स्वस्थ एवं निरोगी रहता है, मानसिक तनाव कम होता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा व्यक्ति का समग्र विकास होता है। योग कार्यक्रम के अंत में वीरेंद्र चौधरी-विजेता चौधरी ने पतंजलि योग समिति से पधारे योगाचार्य प्रीतम का छात्रों को योग का प्रशिक्षण देने एवं योग के प्रति जागरूक करने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
दिल्ली कान्वेंट स्कूल में योग से स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
देहरा गोपीपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली कॉन्वेंट स्कूल सुनहेत में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने सामूहिक रूप से योगासन व प्राणायाम कर योग के महत्त्व को समझा। कार्यक्रम में देहरा थाना से एएसआई अनुश मुख्यातिथि व आरक्षी राजेश विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधक डा. प्रवीण राजपूत और प्रधानाचार्य गुंजन परमार ने विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासन प्रस्तुत किए और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का सम्मान कर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
छात्रों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
पाहड़ा। एवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहड़ा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, अध्यापकों व विद्यालय स्टाफ ने बढ़-चढक़र भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा से हुआ, जिसके उपरांत योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, बज्रासन तथा अनुलोम-विलोम जैसे योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकुश सूद ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य में सुधार होता है तथा जीवन में अनुशासन और सकारात्मकता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए
प्रेरित किया।
रामाया वल्र्ड स्कूल में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
देहरा गोपीपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रामाया वल्र्ड स्कूल में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और ऊर्जा के साथ भाग लेते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग दिवस के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रमके दौरान विद्यालय परिसर योगमय वातावरण में तब्दील हो गया, जहां बच्चों ने विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी कला है। विद्यार्थियों ने योग के माध्यम से एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्त्व को भी समझा। इस अवसर पर डा. पंकज विकास ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में स्कूली अध्यापिका सुरभि सूद ने बताया कि योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा नियमित योगाभ्यास को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
