दिसंबर में तैयार होगा विधानसभा का फ्लाईओवर, जाम से मिलेगी राहत
26.75 करोड़ की परियोजना का 60 फीसदी कार्य पूरा, रेलवे मंजूरी के बाद और तेज होगी रफ्तार, मंत्री विक्रमादित्य ने किया निरीक्षण
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए विधानसभा के समीप निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हाल ही में परियोजना स्थल का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुए कार्य और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि परियोजना की नियमित निगरानी की जाए और हर माह प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। इससे पहले उन्होंने प्रत्येक 15 दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे, लेकिन विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक कारणों के चलते यह प्रक्रिया नियमित नहीं रह पाई थी। अब विभागीय अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
हिमाचल रोड इंफ्रास्ट्रक्चचर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचपीआरआईडीसी) द्वारा 26.75 करोड़ रुपए की लागत से इस फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। विधानसभा क्षेत्र में तीन दिशाओं से वाहनों की आवाजाही होने के कारण सुबह और शाम ट्रैफिक जाम लगता है। कई बार विक्ट्री टनल से लेकर एमएल क्रासिंग तक वाहनों की कतारें लग जाती हैं। इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए विधानसभा के पास अनाडेल मार्ग को जोडऩे वाला यह फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। कंक्रीट और स्टील से तैयार हो रहे इस फ्लाईओवर के तीन पियर (खंभे) बनकर तैयार हो चुके हैं और कैपिंग का कार्य चल रहा है। एचपीआरआईडीसी के अधीक्षण अभियंता महेश राणा के अनुसार परियोजना का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और दिसंबर 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रेलवे की आपत्तियों से प्रभावित हुई परियोजना
फ्लाईओवर के नीचे रेलवे स्टेशन और रेलवे भूमि होने के कारण परियोजना को कई तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पहले भूस्खलन की घटना के बाद रेलवे विभाग ने सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए, जिससे करीब तीन माह का अतिरिक्त समय लगा। इसके बाद रेलवे ने पियरों के डिजाइन पर आपत्ति जताई और मामला केंद्रीय रेलवे अधिकारियों के पास भेजा गया। हाल ही में डिजाइन को मंजूरी मिल चुकी है, हालांकि लिखित स्वीकृति का इंतजार है। आदेश मिलते ही शेष कार्य और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
