HRTC के कर्मियों के लिए बड़ी राहत, प्रदेश सरकार ने निगम को जारी किए 20 करोड़
तीन दिन में जारी होगा मेडिकल क्लेम
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल पथ परिवहन निगम के वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए अब बड़ी राहत मिलने वाली है। लंबे समय से लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए प्रदेश सरकार ने निगम को 20 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं। निगम प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि आगामी तीन दिन के भीतर यह राशि पात्र कर्मचारियों और पेंशनरों के खातों में जमा कर दी जाएगी।
इस निर्णय से निगम के करीब 11 हजार कार्यरत कर्मचारियों और लगभग पांच हजार सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। वर्षों से लंबित पड़े मेडिकल बिलों के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सरकार से वित्तीय मंजूरी मिलने के बाद इन लंबित दावों के निपटारे का रास्ता साफ हो गया है। सरकार द्वारा अब 20 करोड़ रुपए की मंजूरी दिए जाने के बाद कर्मचारियों और पेंशनरों में राहत और संतोष का माहौल है। निगम सूत्रों के अनुसार फंड जारी होने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और भुगतान की औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। ऐसे में अगले तीन दिनों के भीतर हजारों कर्मचारियों और पेंशनरों के खातों में मेडिकल बिलों की राशि पहुंचना शुरू हो जाएगी। इससे न केवल कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि लंबे समय से लंबित चिकित्सा दावों का बोझ भी कम होगा।
फंड की थी कमी
निगम प्रबंधन गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कर्मचारियों और पेंशनरों के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए हर माह 30 से 40 लाख रुपए नियमित रूप से जारी करता रहा है, लेकिन फंड की कमी के कारण हजारों अन्य कर्मचारियों के चिकित्सा दावे लंबित पड़े थे। इनमें कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों के उपचार से संबंधित बड़ी संख्या में बिल शामिल हैं। मेडिकल बिलों के भुगतान की मांग को लेकर निगम कर्मचारी संगठनों और सेवानिवृत्त कर्मचारी संघों द्वारा लगातार राज्य सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन के समक्ष मामला उठाया जा रहा था। संगठन लंबे समय से लंबित भुगतानों को जारी करने की मांग कर रहे थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
