चायल-कोटी कॉलेज में कॉमर्स और गणित बंद
क्षेत्र के विद्यार्थियों को होगी परेशानी, निर्णय वापस लेने की उठी मांग
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के एकमात्र डिग्री कॉलेज चायल-कोटी में कॉमर्स और गणित विषय बंद किए जाने के फैसले का विरोध तेज हो गया है। क्षेत्र के लोगों ने इस निर्णय को विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ बताते हुए सरकार से इसे वापस लेने की मांग की है। इस फैसले से जुन्गा क्षेत्र की 12 पंचायतों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ेगा। पहले ही विज्ञान संकाय की सुविधा न होने के कारण विद्यार्थियों को शिमला और सोलन जाना पड़ता है। अब कॉमर्स और गणित विषय बंद होने से उनकी समस्याएं और बढ़ जाएंगी। क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं की कमी लंबे समय से चिंता का विषय रही है। कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के 24 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में केवल चार स्कूलों में विज्ञान विषय है। इसके चलते बड़ी संख्या में विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। लोगों ने सरकार से कॉलेज में कॉमर्स और गणित विषयों को पुन: शुरू करन की मांग की है।
सात विद्यार्थी कॉमर्स विषय में अध्ययनरत
कॉलेज की प्रधानाचार्य डाक्टर दीपशिखा भारद्वाज ने बताया कि सरकार ने इस शैक्षणिक सत्र से कॉमर्स और गणित विषय बंद कर दिए हैं। वर्तमान में सात विद्यार्थी कॉमर्स विषय में अध्ययनरत हैं और नए दाखिले के लिए भी छात्र कॉलेज पहुंच रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएड कक्षाएं शुरू करने के लिए अभी यूजीसी से मान्यता प्राप्त नहीं हुई है।
छात्रों के साथ अन्याय
जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन ने कहा कि चायल-कोटी कॉलेज में कॉमर्स और गणित विषय बंद करना क्षेत्र के विद्यार्थियों के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि 26 नवंबर 2024 को कॉलेज उद्घाटन के दौरान 2025-26 सत्र से बीएड कक्षाएं शुरू करने, कोटी में पुलिस चौकी, सीएचसी में 10 बिस्तरों की सुविधा और 108 एंबुलेंस सेवा की घोषणाएं की थीं, लेकिन आज तक कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
