भटियात पंचायत समिति पर कांग्रेस का कब्जा
लाल सिंह चुने अध्यक्ष; संजना कुमारी उपाध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष की अगुवाई में मनाया जीत का जश्न
स्टाफ रिपोर्टर-चुवाड़ी
पंचायत समिति भटियात की सत्ता पर कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया है। अध्यक्ष पद के चुनाव में काहरी वार्ड से कांग्रेस समर्थित लाल सिंह नाथ ने भाजपा समर्थित टुंडी वार्ड के सुरेश कुमार को पांच मतों से पराजित किया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर ओसल वार्ड की कांग्रेस समर्थित संजना कुमारी ने भाजपा समर्थित समलेउ वार्ड की रेखा देवी को एक मत से शिकस्त दी। चुनाव प्रक्रिया एसडीएम भटियात मनीष सोनी की देखरेख में संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के मुकाबले में लाल सिंह नाथ को 17 और सुरेश कुमार को 12 मत मिले, जबकि उपाध्यक्ष पद के चुनाव में संजना कुमारी को 15 और रेखा देवी को 14 मत प्राप्त हुए। परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने चुवाड़ी कस्बे में विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इसे केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि भटियात की जनता के विश्वास, विकास की सोच और जनसमर्थन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति में कांग्रेस समर्थित नेतृत्व बनने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भटियात की जनता ने विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति पर भरोसा जताया है। यह जनादेश क्षेत्र के समग्र विकास और गांवों को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी भी सौंपता है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि दोनों जनप्रतिनिधि पंचायत समिति को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कंवर, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव कौशल, कोषाध्यक्ष मयंक महाजन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जैसी राम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
