धर्मशाला कालेज की पहली मेरिट सूची जारी

By: Jun 21st, 2026 12:46 am

बीए, बीएससी और बीकॉम के चयनित छात्रों को 23 जून तक फीस जमा करने के निर्देश

सिटी रिपोर्टर-धर्मशाला
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्न्नातक प्रथम वर्ष की पहली मेरिट सूची शनिवार को जारी कर दी। महाविद्यालय की वेबसाइट पर बीए, बीएससी और बीकॉम संकायों के विभिन्न विषयों की मेरिट सूची प्रकाशित की गई है। चयनित विद्यार्थियों को 23 जून मंगलवार शाम पांच बजे तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। महाविद्यालय में इस वर्ष प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का अच्छा रुझान देखने को मिला है। बीए में 1200 सीटों के लिए 906 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि बीएससी की 700 सीटों के लिए 500 आवेदन आए हैं। वहीं बीकॉम में केवल 200 सीटों के मुकाबले 320 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे इस संकाय में सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। बी-वॉक की 80 सीटों के लिए 89 आवेदन प्राप्त हुए हैं। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार जिन विद्यार्थियों का चयन पहली सूची में नहीं हो पाया है, उन्हें रिक्त सीटों के आधार पर दूसरी मेरिट सूची में अवसर दिया जाएगा। दूसरी मेरिट सूची 24 जून को जारी की जाएगी तथा चयनित अभ्यर्थी 25 से 27 जून तक फीस जमा कर सकेंगे।

बीकॉम में सीटों के मुकाबले अधिक आवेदन

बीकॉम पास कोर्स की पहली मेरिट सूची में कुल 159 विद्यार्थियों को स्थान दिया गया है। इनमें 107 सामान्य वर्ग, 30 अनुसूचित जाति, 15 अनुसूचित जनजाति, छह आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा एक दिव्यांग श्रेणी का विद्यार्थी शामिल है। इसके अलावा बीकॉम बीएफएसआई में 27 तथा बीकॉम एचआरएम में आठ विद्यार्थियों को पहली मेरिट सूची में शामिल किया गया है।

क्या बोले प्राचार्य
धर्मशाला कालेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. राकेश पठानिया ने बताया कि प्रवेश पक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। पहली मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समय के भीतर प्रवेश शुल्क जमा करवाना होगा। जिन विद्यार्थियों को पहली सूची में स्थान नहीं मिल पाया है, उन्हें दूसरी मेरिट सूची में समायोजित करने का प्रयास किया जाएगा। यदि किसी छात्र को उसकी पसंद का विषय नहीं मिल पाता है तो उपलब्ध सीटों के अनुसार अन्य विषयों में प्रवेश दिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App