कैंब्रिज इंटरनेशनल में पितृ दिवस उत्सव
नन्हे-मुन्नों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल, पिताओं ने खेलों और गतिविधियों में दिखाया उत्साह
स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
कैेंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के बाल वाटिका विभाग (नर्सरी, केजी-1 एवं केजी-2) द्वारा पितृ दिवस उत्सव हर्षोल्लास, उत्साह और भावनात्मक माहौल के बीच मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पिताओं के प्रेम, त्याग, मार्गदर्शन और समर्पण के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक तिलक समारोह, रिबन कटिंग और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में पिता को परिवार की आधारशिला और बच्चों के जीवन का प्रथम प्रेरणा स्रोत बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिता का स्नेह, अनुशासन और मार्गदर्शन बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उत्सव के दौरान बाल वाटिका के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों के आकर्षक नृत्य, मधुर प्रस्तुतियों और मासूम अभिव्यक्तियों में अपने पिता के प्रति प्रेम और सम्मान की झलक साफ दिखाई दी।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों का मन मोह लिया और कई अभिभावक भावुक भी नजर आए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पिताओं के लिए आयोजित मनोरंजक खेल और गतिविधियां रहीं। रिमूव द स्टिकी नोट्स, बैलेंस द कप और पुश-अप चैलेंज जैसी प्रतियोगिताओं में पिताओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता से पूरा वातावरण आनंद और उल्लास से भर गया। इसके अलावा पिताओं की नृत्य प्रस्तुतियों और बच्चों के साथ बिताए गए विशेष पलों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया। विद्यालय परिसर तालियों, मुस्कानों और खुशियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और अल्पाहार के साथ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन परिवार और विद्यालय के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
